वानप्रस्थ में ‘नाचो नाचो….’

हिसार, जनवरी 04.2024 – वरिष्ठ नागरिकों की संस्था वानप्रस्थ की बुधवारी बैठक में नववर्ष 2024 का स्वागत गत वर्ष सर्वश्रेष्ठ गीत के ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित लोकप्रिय गाने ‘ नाचो नाचो …’ के प्रदर्शन के साथ किया। राजामौली की तेलुगु फिल्म आर आर आर के इस गीत पर रामचरण व जूनियर एन टी आर के ऊर्जापूर्ण नृत्य ने सभी दर्शकों को अति उत्साहित कर दिया। प्रो एस एस धवन ने इस गाने के बारे में कई रोचक जानकारियां दीं। चंदरबोस के लिखे गीत का संगीत एम एम कीरवानी ने तैयार किया था। इस गीत की फिल्मिंग यूक्रेन की राजधानी कीव के महल के सामने रूसी हमला शुरू होने से कुछ ही समय पहले की गई थी।

तेलुगु के मूल गाने को हिंदी में भी फिल्माया गया है। दोनों ही भाषाओं में इस गाने को स्क्रीन पर दिखाया गया तो कई वरिष्ठ नागरिक भी झूमने पर मजबूर हो गए।

गत वर्ष ही भारत की प्रविष्टि एलीफेंट व्हिस्पर्स को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का ऑस्कर पुरस्कार मिला था जो हाथी के एक बच्चे की दो आदिवासियों द्वारा देखभाल व रक्षा पर आधारित कहानी है जिसमें मानव और प्रकृति के बीच सौहार्द संबंधों के महत्व को दर्शाया गया है।

नववर्ष के स्वागत का यह आयोजन पिछले वर्ष की महत्वपूर्ण घटनाओं के उल्लेख का हिस्सा था जिसमें कई वरिष्ठ नागरिकों ने प्रस्तुति दी।

प्रो आर के जैन ने विश्व की दस महत्त्वपूर्ण घटनाओं को दर्शाती एक फिल्म दिखाई जिसमें हमास-इजरायल युद्ध, तुर्की का विनाशकारी भूकंप, और भारत के चंद्रयान मिशन का भी ज़िक्र था।

बिजली निगम के पूर्व चीफ़ कम्युनिकेशन ऑफिसर डी पी धुल ने भारत में घटित मुख्य घटनाओं का ज़िक्र करते हुए विधान सभा चुनावों तथा मणिपुर राज्य की व्यापक हिंसा का ब्योरा दिया।

प्रो सुनीता शोकंद ने दुबई में आयोजित जलवायु परिवर्तन सम्मेलन का ब्योरा देते हुए कहा कि करीबन 200 देशों के इस सम्मेलन में पेट्रोलियम जैसे जैविक इंधनों पर रोक लगाने के लिए कोई समय सीमा तय नहीं की जा सकी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 मानव इतिहास का सबसे गर्म वर्ष रहा।

राइट टू क्लीन एयर संस्था की सुनीता मेहतानी ने कहा कि वायु प्रदूषण हद से ज़्यादा बढ़ रहा है और इसे रोकने के लिए हर नागरिक को अपने इलाक़े में स्वच्छता अभियान चलाना चाहिए।

प्रो पुष्पा खरब ने पिछले साल चंद्रयान के बाद आदित्य एल वन परियोजना की जानकारी दी जो सूर्य के वातावरण का अध्ययन करेगा।

प्रो सुनीता जैन जिन्होंने कार्यक्रम का संचालन किया उन्होंने साहित्य के बुकर पुरस्कार का ब्योरा दिया। इस साल यह पुरुस्कार पॉल लिंच को उनके नॉवेल प्रोफेट सॉन्ग के लिए दिया गया है। शॉर्ट लिस्ट में भारतीय मूल की चेतना मारू का वेस्टर्न लेन और पेरूमल मुरुगन का तमिल नॉवेल पायर भी शामिल थे।

दूरदर्शन के पूर्व निदेशक अजीत सिंह ने सभी दर्शकों व प्रस्तुति देने वालों का धन्यवाद किया और अन्य सदस्यों से अनुरोध किया कि वे भी अपनी रुचि के किसी विषय पर प्रस्तुति दें। इस अवसर पर जलपान का भी आयोजन किया गया।

आगामी शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिक महान गायक मोहम्मद रफी के जन्मदिन पर उनके गाए गीतों की प्रस्तुति देंगे।

नववर्ष के पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा वानप्रस्थ संस्था के संयुक्त सचिव प्रो आर के जैन और उनकी धर्मपत्नि प्रो सुनीता जैन ने तैयार कर इसे अमल में लाया जिसकी सभी सदस्यों ने प्रशंसा की।

You May Have Missed

error: Content is protected !!