जनता ने नारों की राजनीति को दूर फेंका : मुख्यमंत्री

चंडीगढ़,  3 दिसंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि तीन प्रदेशों में भाजपा की जीत ने पार्टी की नीतियों व जनता के हित के लिए किए गए कार्यों पर मुहर लगा दी है। जनता ने नारों की राजनीति को उखाड़ फेंका है।

   मुख्यमंत्री रविवार को हिसार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

 हरियाणा में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव करवाए जाने के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि केंद्रीय चुनाव समिति तथा चुनाव आयोग निर्णय करेगा तो वे लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा निचले स्तर तक योजनाओं को पहुंचा रही है।

  हरियाणा में जजपा से गठबंधन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नीतिगत विषय है। समय आने पर ही इस पर कोई फैसला होगा।  उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों तक के संगठन ने बूथ लेवल पर काम करके सब प्रदेशों में बीजेपी को बेहतर परिणाम दिये है। कांग्रेस जैसा कह रही है कि इन नतीजों का इम्पेक्ट 2024 के चुनाव में आएगा, तो मैं भी कहता हूं कि इनका परिणाम आयेगा। इन चुनाव के पीछे कई कारण गिनाये जा सकते हैं, लेकिन केंद्र सरकार की योजनाओं पर जनता ने मोहर लगायी है। इसके साथ ही मैेनिफिस्टो पर वहां की जनता ने भरोसा किया है।

  उन्होंने कहा कि हम हरियाणा में अंत्योदय की भावना से काम कर रहे हैं, अंतिम व्यक्ति तक परिणाम पहुंचे, इसमें हम लगे है। विकसित भारत संकल्प यात्रा चल रही है, जनता की समस्याओं का हल कर रहे हैं, जिन्हे योजनाओं का लाभ नहीं मिला हैं, उन्हें देने की कोशिश है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस ने सोचा तक नहीं है कि देश को विकसित करना है। हम विकासशील देशों की श्रेणी में आते है, 100 वर्ष आजादी के पूरे होने पर हमारा देश विकसीत देशों में शामिल हो जाएं, इसके लिए सरकारों को काम करना है, जनता को भी योगदान देना है। विकसित भारत संकल्प यात्रा केंद्र सरकार का कार्यक्रम हैं, संसाधनों का कोई दुरूपयोग नहीं हो रहा है।

  500 रुपए में गैस सिलेंडर देने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समय समय पर योजनाएं बनती हैं, हर प्रदेश की अपने हिसाब से योजनाएं होती है। हमने यहां 3 हजार पेंशन देने की बात कही, यहां कैंसर पीडित के लिए पेंशन देने की योजना लागू की, सरकारी स्कूलों के लिए योजनाएं बनाई, इसके साथ ही पुराने पेड़ों के लिए योजनाएं बनाई।

 इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद डॉक्टर डीपी वत्स तथा भाजपा जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र उपस्थित थे।

error: Content is protected !!