नूंह – रविवार को संविधान दिवस पर जिला कांग्रेस मुख्यालय नूंह पर कांग्रेस विधायक दल के उप नेता चौधरी आफताब अहमद की अध्यक्षता में आयोजित गोष्टी में भीम राव अंबेडकर व पूरी संविधान निर्माण समिति के सदस्यों को खिराज ए अकीदत पेश की गई। वरिष्ठ अधिवक्ता शौकत कैराका ने संविधान पर रोशनी डाली। बता दें कि 1949 में भारत की संविधान सभा ने औपचारिक रूप से भारत के संविधान को अपनाया जो 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ था।

एडवोकेट शौकत कैराका ने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे लंबा लिखित संविधान है। संविधान भारत को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक, गणतंत्र घोषित करता है और लोगों को न्याय, समानता और स्वतंत्रता की गारंटी देता है।रूस, जापान, जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, फ्रांस,ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, अमेरिका, आयरलैंड व सोवियत संघ के संविधानों से प्रेरणा लेकर भारतीय संविधान बनाया गया है। इसी संविधान की वजह से आम आदमी अदालत में न्याय की उम्मीद करता है। विधायक आफताब अहमद ने कहा कि संविधान मुल्क की रूह है, लोगों का कवच है, ये ही सभी लोगों को सही मायने में आज़ादी प्रदान करता है। लेकिन आरएसएस और भाजपा के लोग संविधान का कमजोर करने लगे हैं। हर दिन संविधान पर हमला किया जा रहा है।

आफताब अहमद ने कहा कि देश में भाजपा की सरकारों में युवाओं, किसानों, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक समुदाय, पिछड़ों और महिलाओं के अधिकारों को दरकिनार किया जा रहा है। आज संविधान बचाने की जरूरत है और कांग्रेसी आंबेडकर को मानने वाले लोग व कांग्रेस संविधान मानने वाली पार्टी है। विधायक आफताब अहमद ने कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान संसद के अंदर और बाहर भाजपा सरकारों के आचरण ने निस्संदेह संविधान को बदलने की मंशा दिखाई पडी है। नागरिक अब उदार मीडिया, समझौतावादी चुनाव आयोग और झुकी हुई कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सहन करने के लिए मजबूर हैं, जिसने आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक विरोधियों के मौलिक अधिकारों और विशेषाधिकारों को गंभीर रूप से कमजोर कर दिया है। विधायक आफताब अहमद ने कहा कि भारत के संविधान में निहित देश की गौरवशाली परंपराओं और लोकाचार में विश्वास करने वाली सभी लोकतांत्रिक ताकतों को धर्मनिरपेक्ष गणराज्य की एकता, अखंडता और राजनीति की रक्षा के लिए एक साथ आना चाहिए।

इस दौरान संविधान की पालना और उसकी रक्षा के लिए सभी ने प्रण लिया और स्वतंत्रता सेनानी रणबीर हुड्डा को भी उनकी जयंती पर खिराज ए अकीदत पेश की गई। इस गोष्ठी को हाजी एजाज अहमद, महेंद्र डायरेक्टर, अख्तर चंदैनी, शरीफ प्रधान, हाजी नईम इकबाल, श्रीचंद थानेदार सरपंच आकेड़ा, डा दीन मौहम्मद ने भी संबोधित किया। इस दौरान वहीद सलम्बा, शब्बीर, हाजी हसन सत्पुतियाका, हाकम बीवां, फराहीम दिहाना, हारून सुडाका, अकरम रजा वकील, रुक्कू रानिका, साहुन रानिका, जाहुल मेवली, आफाक एनएसयूआई व अन्य कांग्रेस जन मौजूद रहे।

error: Content is protected !!