कांग्रेस ने गरीबों को वोटों के लिए इस्तेमाल किया: नायब सैनी
फरीदाबाद पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का किया भव्य स्वागत

चंडीगढ़, 8 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने फरीदाबाद में बुधवार को अपने नागरिक अभिनंदन समारोह में फिर से 75 पार का नारा दिया है, साथ ही उन्होंने तीसरी बार मनोहर सरकार बनने का भी दावा किया है। उन्होंने कहा है कि इस बार 75 पार तीसरी बार मनोहर सरकार। जब नायब सैनी ने यह पूरा नारा मन से बोला तो सामने बैठे कार्यकर्ता उत्साह से भरकर भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। कार्यकर्ताओं ने मोदी जिंदाबाद, मनोहर जिंदाबाद और नायब सैनी जिंदाबाद के भी नारे लगाए।

फरीदाबाद की मिलन वाटिका में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ौली, विधायक नरेंद्र गुप्ता, सीमा त्रिखा, राजेश नागर, जिला प्रभारी मनीष यादव, जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार अजय गौड़, जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, डा. आरएन सिंह, पूर्व विधायक जनप्रतिनिधि पार्षद, जिला प्रदेश मंडल के पदाधिकारी, मोर्चा के पदाधिकारी, बूथ व पन्ना प्रमुख तक के कार्यकर्ता, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा समाज के वरिष्ठ बुद्धिजीवियों व गणमान्य व्यक्तियों ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का बैंड बाजों, ढोल-नगाड़ों से भव्य स्वागत किया और यहां की सरदारी ने पगड़ी पहनाकर श्री सैनी का सम्मान किया। श्री सैनी ने भी जोरदार सम्मान होने पर सभी कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया। श्री सैनी ने कहा कि यह मेरा सम्मान नहीं है, बल्कि सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान को और आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम करता रहूंगा। समारोह को केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, मंत्री मूलचंद शर्मा, जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने भी संबोधित किया।

मोदी-मनोहर सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए नायब सैनी ने कहा कि 9 सालों में भाजपा सरकार ने गरीबों, दलितों, शोषितों के लिए काम किए हैं। आज दूर दराज बैठे हुए गरीब लोगों तक सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं। श्री सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार ने गरीब व्यक्ति के सम्मान को उंचा करने का काम किया है।

कांग्रेस व विरोधी पार्टियों पर हमला बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में गरीब व्यक्ति पैसा ना होने के कारण इलाज कराने के लिए तरसता था। चुनाव के समय गरीबी हटाओं का नारा देकर कांग्रेस गरीबों से वोट लेकर उनको भूल जाती थी। लेकिन 2014 के बाद मोदी-मनोहर सरकार ने गरीबों की स्थिति को समझा। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार में गरीबों को इलाज कराने की चिंता नहीं। देश और प्रदेश में गरीबों का 5 लाख रुपये तक फ्री इलाज हो रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल गरीब लोगों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए मजबूती से काम कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में बिना पर्ची और खर्ची के सरकारी नौकरी मिल रही है। हरियाणा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अनुसरण दूसरे राज्य भी कर रहे हैं, जिस पर हमें गर्व है। श्री सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार से अगर 100 रुपये गरीबों के लिए आते हैं तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल उसे सवा सौ करके गरीबों तक भेजते हैं। हरियाणा में मनोहर सरकार सभी वर्गों के हितों के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने जनधन खाता खोलकर गरीब लोगों को बैंकों से जोड़ा, पीएम आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा का लाभ जनता ले रही है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नायब सैनी ने कहा कि विपक्षियों का काम सिर्फ सरकार की योजनाओं की आलोचना करना रह गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर सत्ता हथियाना चाहती है। पिछले राजस्थान चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किसानों का कर्जा माफ करने का झूठा वादा किया था। जिसका दुष्परिणाम यह निकला कि 4500 किसानों ने आत्महत्या की और 19 हजार 500 लोगों की जमीन कुर्क हुई। श्री सैनी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कांग्रेस के झूठ के आगे दीवार बनकर खड़ा होगा और कांग्रेस की झूठ को उजागर कर जनता को इनके भ्रमजाल से निकालने का काम करेगा।

श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है। कार्यकर्ताओं के दम पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक ही झटके में धारा-370 हटाई। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आतंकवाद के भय से मुक्त हुआ है। श्री सैनी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे संकल्प के  साथ नगर निगम, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कमल खिलाने के अभियान में जुट जाएं और सबसे पहले दस की दस लोकसभा की सीटों पर कमल खिलाकर मोदी जी की झोली में डालने का काम करें।

भाजपा में ही बड़े से बड़े पद पर पहुंच सकता है कार्यकर्ता: कृष्णपाल गुर्जर

फरीदाबाद। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें एक कार्यकर्ता बड़े से बड़े पद तक पहुंच सकता है। प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है जिसका नायब सैनी जीवंत उदाहरण हैं।  श्री गुर्जर ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष द्वारा अब तक किए गए कार्यों की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने नायब के रूप में एक हीरे का चयन किया है। हरियाणा में भाजपा की पिछली जीत में ओबीसी समाज का बड़ा योगदान रहा है।

श्री गुर्जर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार में पहली बार 70 में से 27 मंत्री पिछड़े समाज से आते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़ा समाज के लिए सराहनीय कार्य किए हैं, जबकि पहले कितनी ही सरकारें आई और गई, उन सरकारों ने कभी पिछड़ा समाज पर ध्यान नहीं दिया। कृष्णपाल गुर्जर ने प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर श्री सैनी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा से 10 की दस सीटों पर कमल खिलेगा और हरियाणा में भी भारी बहुमत से मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

इस मौके पर ज़िला उपाध्यक्ष बिजेंद्र नेहरा, पूर्व विधायक नगेंद्र भड़ाना, पूर्व मंत्री विपुल गोयल, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, संदीप जोशी, अनुशासन समिति की प्रदेश अध्यक्षा नीरा तोमर, भाजपा मीडिया सह प्रमुख अरविंद सैनी, महिला कमिशन चेयरपर्सन रेणु भाटिया, महापौर सुमन बाला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सोहनपाल सिंह, यशवीर डागर,  वरिष्ठ उप महापौर देवेंद्र चौधरी, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, उप महापौर मनमोहन गर्ग, ज़िला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया, ज़िला उपाध्यक्ष व प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा, ज़िला मीडिया प्रमुख विनोद गुप्ता, लाभार्थी प्रकोष्ठ से संजीव सैनी, आई टी संयोजक अमित मिश्रा, मोर्चों के ज़िला अध्यक्ष सुखबीर मलेरना, भगवान सिंह, राजबाला सरदाना, नरेश नंबरदार, पंकज सिंगला, लाजर रणजीत सिंह, वज़ीर सिंह डागर, राज मदान, जनप्रतिनिधि, पार्षद, मंडल अध्यक्ष, ज़िला मंडल व मोर्चों के पदाधिकारी, प्रकोष्ठ व विभागों के पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!