स्वयं सहायता समूह की दीदियां आज अपने परिवार की आर्थिक उन्नति का प्रमुख आधार: साध्वी निरंजन ज्योति, केंद्रीय राज्यमंत्री
प्रदेश की एसएचजी दीदियों को उनके उत्पादों के लिए सीधा बाजार उपलब्ध करा रही हरियाणा सरकार: अनिल मलिक, एसीएस हरियाणा
11 नवंबर तक चलने वाले इस उत्सव में 800 के करीब महिला शिल्पकलाकार, 400 से अधिक स्टॉलों पर अपनी अपनी उत्कृष्ट प्रदर्शनी का प्रदर्शन कर रही हैं
-सुबह 11 बजे से रात्रि 9.30 तक चलने वाला यह मेला सबके लिए निःशुल्क है

गुरुग्राम, 27 अक्टूबर। केंद्रीय ग्रामीण विकास, उपभोक्ता मामले खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि देश की स्वयं सहायता समूह की दीदियां आज अपने परिवार की आर्थिक उन्नति का प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को आत्मनिर्भर बनाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया है। उस लक्ष्य को प्राप्त करने में एसएचजी की दीदियां प्रमुख सहभागी हैं। आज देश की ये दीदियां किसी के सामने हाथ फैलाने के बजाय बैंक सखी बनकर अपने अपने क्षेत्रों में पैसों का आदान प्रदान कर रही हैं।

केंद्रीय राज्यमंत्री शुक्रवार की शाम गुरुग्राम के सेक्टर 29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज संस्थान द्वारा हरियाणा सरकार के सहयोग से आयोजित सरस आजीविका मेले का विधिवत शुभारंभ करने पहुंची थी। इस मौके पर उनके साथ मंत्रालय के गणमान्य लोग व अधिकारी मौजूद रहे। इसमें सचिव शेलेश कुमार सिंह, अपर सचिव चरणजीत सिंह, संयुक्त सचिव स्मृति शरण, राघवेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार तनुजा ठाकुर, हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग के एसीएस अनिल मालिक मौजूद रहे।

साध्वी निरंजन ज्योति ने सरस मेले का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करने उपरांत अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि जल्द ही दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के एसएचजी दीदियों के 10 करोड़ बड़े परिवार में से कम से कम 2 करोड़ लखपति दीदी को सक्षम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षो में केंद्र सरकार की नीतियों से आत्मनिर्भर बनी एसएचजी की दीदियां सभी प्रमुख क्षेत्रो में पूरी मजबूती के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। साध्वी निरंजन ज्योति ने बताया कि मंत्रालय के अथक प्रयासों से आज लगभग देश के 97 प्रतिशत ब्लॉकों में यह व्यवस्था पहुंच चुकी है और जल्द ही हम इससे अनेकों दीदीयों को जोड़ेगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हम हर दीदी को लखपति करोड़पति बनाएं औऱ आने वाले दशकों में जब भारत पांच ट्रिलियन का इकोनॉमी का देश बनेगा तो उसमें इन दीदीयों का भी योगदान होगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने अपने संबोधन में लंका दहन में हनुमान जी की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी प्रकार ये करोड़ो एसएचजी दीदियां अपनी गरीबी रूपी लंका को दहन कर रही हैं। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे भारत की विविधता और सांस्कृतिक विरासत को दर्शा रहे इस मेले में जरूर आएं ताकि देश का पैसा देश मे रहकर देश की उन्नति में काम आ सके। इस दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों पर जा कर इन एसएचजी महिलाओं का हौसला भी बढ़ाया और मेले का निरीक्षण भी किया।

उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग के एसीएस अनिल मालिक ने कहा कि हरियाणा राज्य में ग्रामीण अंचल की नारी शक्ति को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल पूरी प्रतिबद्धता के साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उनकी आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। राज्य में 60 हजार स्वयं सहायता समूह में करीब 6 लाख महिलाएं जुड़ी हैं जिनके प्रोतसाहन के लिए राज्य में समय समय पर राज्य स्तरीय कार्यकर्मो का आयोजन किया जा रहा है। श्री मलिक ने बताया कि हरियाणा में एसएचजी ग्रुप की महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए सीधा बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक जिलों में सार्वजनिक स्थानों पर उनको दुकानें उपलब्ध कराई गई हैं। जिनका वे बहुत ही कुशल तरीके से संचालन कर रही हैं। साथ ही उनको ऑनलाइन सैलिंग प्लेटफार्म उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न ऑनलाइन कंपनियों के साथ करार किया गया है। इसी के साथ उन्हें प्रदेश में राशन डिपो वितरण में भी प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम में मंत्रालय के सचिव शैलश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पूरे देश मे स्वयं सहायता समूह की महिलाएं जिस प्रतिबद्धता के साथ अपनी आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। यह सरस आजीविका मेला इसकी श्रेष्ठ बानगी है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह की यह दीदियां अपने उत्कृष्ट हस्तनिर्मित उत्पादों से आज अपने राज्यों के साथ साथ देश के अन्य स्थानों पर अपनी संस्कृति का प्रमुखता से प्रचार प्रसार कर रही हैं।

गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित लेजरवैली ग्राउंड में लगे इस मेले में देश के 28 राज्यों के 400 से अधिक स्टॉलों पर लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं। मेले की विविधता लोगों को आकर्षित कर रही है। स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं की विशेष उपस्थिति वाला यह मेला महिला सशक्तिकरण की एक बेहतरीन मिसाल है जहां न केवल वह अपना उत्पाद लेकर आई हैं बल्कि वह भारत की विविधता और अनेकता में एकता का संदेश भी दे रही हैं। आयोजकों के लिए यह मेला निःशुल्क है। सुबह 11 बजे से रात्रि 9.30 तक चलने वाले इस मेले में लोगों की खासी दिलचस्पी है। दूसरी बार यह मेला गुरुग्राम में लग रहा है और लोग इसको लेकर उत्साहित हैं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान से सहायक निदेशक चिरंजी लाल कटारिया व ग्रामीण विकास मंत्रालय के अवर सचिव विनोद शर्मा, जिला परिषद की सीईओ अनु श्योकंद, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक दीप्ति सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। 

error: Content is protected !!