कृषि मंत्री जेपी दलाल व हकृवि के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

6 अक्तूबर, हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में 8 अक्तूबर से आरंभ होने वाले तीन दिवसीय हरियाणा कृषि विकास मेला-2023 किसानों को विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को विभिन्न बीजों की उन्नत किस्में, फर्टीलाइजर, इनसेक्टीसाइड-पेस्टीसाइड, मशीनरी, कृषि से संबंधित नवाचारों, रसायनों रहित जैविक खेती के बारे में नई-नई जानकारियां प्रदान की जाएगी ताकि मेले में प्राप्त जानकारी से किसान फसलों की उन्नत किस्मों का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ा सकें। ये जानकारी हरियाणा के कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने दी। वे चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान तीन दिवसीय हरियाणा कृषि विकास मेला-2023 को लेकर मीडिया कर्मियों से रूबरू हुए। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज भी मौजूद रहें। कृषि मंत्री ने कहा कि इस मेले में मोटा अनाज विषय पर काम करने वाले किसान, कृषि से संबंधित विभाग, स्टार्टअप्स व विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों की प्रौद्योगिकियां व उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

कृषि मंत्री जेपी दलाल व हकृवि के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने कार्यक्रम स्थल का किया दौरा

कृषि मंत्री जेपी दलाल व हकृवि के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने 8 अक्तूबर से आरंभ होने वाले तीन दिवसीय हरियाणा कृषि विकास मेला-2023 को लेकर कार्यक्रम स्थल का दौरा किया, जहां उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं के लिए गठित कमेटियों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही आयोजन को सफल बनाए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को अपने सुझाव व उचित दिशा-निर्देश दिए।

किसान www.agriharyana.gov.in जारी लिंक पर अपना करवा सकते हैं पंजीकरण : प्रो. बी.आर. काम्बोज
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने बताया कि किसान www.agriharyana.gov.in जारी लिंक पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण के लिए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गेट नंबर-3 के समीप मेला ग्राउंड में भी काउंटर लगाए जाएंगे।

मेले के तीनों दिन पंजीकृत किसानों का निकाला जाएगा लकी ड्रा, जीत सकेंगे ट्रैक्टर
कुलपति प्रो. बी.आर काम्बोज ने बताया कि जो पंजीकृत किसान मेले में उपस्थित होगा उसे ही इनाम का हकदार माना जाएगा। मेले में तीनों दिन पंजीकृत किसानों का लकी ड्रा निकाला जाएगा, जिसमें इनाम के तौर पर उन्हें ट्रैक्टर जीतने का मौका मिलेगा। कुलपति ने बताया कि मेले में किसानों को करीब 30 लाख रुपये तक के इनाम वितरित किए जाएंगे। लकी ड्रा के दौरान किसानों का मौके पर मौजूद होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि उम्दा फसल उत्पादन करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए इस अवसर पर फसल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के प्रकाशनों की बिक्री भी होगी। उन्होंने बताया कि किसानों के मनोरंजन के लिए तीनों दिन हरियाणावी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कृषि व औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विषयों पर लगेगी 350 स्टालें
कुलपति प्रो. काम्बोज ने बताया कि मेले में एक कृषि औद्योगिक प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें 350 स्टालों की व्यवस्था होगी। इन स्टालों पर बीज, फर्टीलाइजर, इनसेक्टीसाइड-पेस्टीसाइड, सेल्फ हेल्प ग्रुप, मशीनरी, मोटा अनाज विषय पर काम करने वाले किसान, कृषि से संबंधित विभाग, स्टार्टअप्स व विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों की प्रौद्योगिकियां व उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे वैज्ञानिक
मेले के दौरान आने वाले किसानों की खेतीबाड़ी संबंधी सभी समस्याओं के समाधान के लिए किसान गोष्ठियों का आयोजन होगा जिनमें विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक किसानों की कृषि व पशुपालन संबंधी समस्याओं का हल बताएंगे। इसके साथ आंगतुक किसानों को विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्म का भ्रमण करवाकर वैज्ञानिकों द्वारा उगाई गई खरीफ फसलें दिखाई जाएगी और इन फसलों में वैज्ञानिकों द्वारा प्रयोग की गई प्रौद्योगिकी के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी।

error: Content is protected !!