नाम का बहाना बनाकर मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाना चाहती है बीजेपी सरकार : लोहान
हरियाणा की महिला को चंद्रयान पर भेजने की बात करने वाले मुख्यमंत्री को ट्रेन से नागपुर आरएसएस के मुख्यालय में भेज दिया जाना चाहिए : लोहान
10 सितंबर को जिला कार्यकारिणी की बैठक लेने हिसार आएंगे चौ. अभय चौटाला : उमेद लोहान
– 25 सितंबर को कैथल में मनाया जाएगा ताऊ जयंती समारोह –

हिसार, 9 जून : इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव चौ. अभय सिंह चौटाला आगामी 10 सिंतबर को राजगढ़ रोड स्थित मनवार पैलेस में आगामी 25 सितंबर को ताऊ देवीलाल की जयंती पर नई अनाज मंडी कैथल में आयोजित समारोह की तैयारियों को लेकर पूरे हिसार की जिला कार्यकारिणी की बैठक लेंगे। यह जानकारी इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिसार जिला प्रभारी उमेद लोहान ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इनेलो पार्टी ताऊ चौ. देवीलाल 110वां जन्मदिन कैथल में मना रही है जिसमें हरियाणा ही नहीं बल्किे देश के अन्य प्रदेशों से भी लोग पहुंचेंगे। इस समारोह को लेकर उन्होंने व इनेलो जिला अध्यक्ष सतबीर सिसाय, राजेश गोदारा प्रभारी ने जोन वाइज पूरे जिले की मीटिंग ले ली हैं। 10 सितंबर की मीटिंग के बाद गांव-गांव जाकर समारोह के लिए निमंत्रण देंगे।

उमेद लोहान ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा हिसार जिले में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय दौरे पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह जन संवाद कार्यक्रम नहीं बल्कि ‘जन स्वाद’ कार्यक्रम है जिसमें वे लोगों की बेइज्जती करते हैं और उन्हें नीचा दिखाने में कोई कमी नहीं छोड़ते। यहां तक कि महिलाओं के लिए भी उनके दिल में सम्मान नहीं है। जिसका उदाहरण एक गांव में महिला द्वारा उनके गांव में फैक्टरी लगाए जाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने उस महिला को ही चंद्रयान-4 में चांद पर भेज देने की बात कह दी। ऐसा करके उन्होंने मुख्यमंत्री पद की मर्यादा का उल्लंघन किया है।

लोहान ने कहा कि ऐसी बात कहने वाले मुख्यमंत्री के लिए मैं कहना चाहूंगा कि उन्हें ट्रेन में बैठाकर नागपुर आरएसएस के मुख्यालय भेज देना चाहिए ताकि प्रदेश की जनता का उनसे पीछा छूट जाए और वे भी शांति से वहां पर खिचड़ी खाकर अपना काम करते रहें। महिलाओं के प्रति भाजपा व आरएसएस के सम्मान का पता इसी बात से चल जाता है। महिला कोच के शोषण के मामले में भी मुख्यमंत्री महिला कोच का पक्ष लेने की बजाय खेल मंत्री संदीप सिंह का ही पक्ष लेते आ रहे हैं। इस मामले में आईपीएस पंकज नैन की गवाही के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की जा रही। इसके अलावा उन्होंने गांव बणी के सरपंच का अपमान किया था मुख्यमंत्री ने ऐसा पहली बार नहीं किया उन्होंने अनेक बार अपने पद की गरिमा का अपमान किया है। यदि उन्हें जनता की बात सुननी ही नहीं तो उन्होंने यह जन संवाद कार्यक्रम चलाया ही क्यों है। इतने सारे सरकारी अमले को साथ लेकर यह दिखावा करने की उन्हें जरूरत क्या है। चुनाव को देखकर उन्होंने यह नाटक रचा है, इससे जनता का मन नहीं बदलने वाला अब प्रदेश की जनता भाजपा को पूरी तरह नकार चुकी है।

लोहान ने कहा कि वहीं केंद्र की भाजपा सरकार नाम बदलो राजनीति चमकाओ की मुहिम पर लगी हुई। देश में विभिन्न स्थानों के नाम बदलने के बाद केंद्र की भाजपा सरकार देश का ही नाम बदलने को मुद्दा बना रही है। देश का नाम इंडिया से भारत करने के लिए पूरा सत्तापक्ष एकसुर में जोर लगा रहा है। नाम बदलने की केंद्र सरकार की प्रवृत्ति व खुद का महिमा मंडन करने से ऐसा लग रहा है कि यदि कुछ समय बाद देश का नाम नरेंद्र मोदी भी रख दिया जाए तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी। उमेद लोहान ने कहा कि कांग्रेस में आपसी फूट जूतम-पैजार तक पहुंच गई और पार्टी प्रदेश में पूरी तरह से बिखर चुकी है। भाजपा को प्रदेश की जनता सिरे से नकार रही है और अन्य दलों का कोई वजूद नहीं है। प्रदेश में आने वाला इनेलो पार्टी का है। चौ. अभय सिंह चौटाला की पद यात्रा में जिस प्रकार से जनता का भरपूर समर्थन मिला है उससे स्पष्ट है कि प्रदेश में अगली सरकार इनेलो की होगी। उन्होंने कहा कि आगामी 25 सितंबर को ताऊ देवीलाल की जयंती पर कैथल में लाखों की संख्या में लोग जुटेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में उमेद लोहान के अलावा अमित खटकड़, प्रदीप बाजिया लीगल सैल जिला प्रधान, भूपेंद्र पानू, प्रमोद बागड़ी, साहिल कसवां, सचिन दलाल, हिमांशु, अजय मान व जिला प्रवक्ता रमेश चुघ आदि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!