एडवोकेट जनरल ऑफिस में नियमों को ताक पर रखकर की गई कानूनी अधिकारियों की नियुक्ति : अभय सिंह चौटाला

कहा – भाजपा गठबंधन सरकार में सरकारी नौकरियों में धांधली कर चहेतों को नौकरी देने का सिलसिला बदस्तूर जारी है
आरोप – ऐसे कानूनी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है जो भाजपा सरकार के चहेते हैं और जिनका चयन पहले से ही किया होता है
भाजपा गठबंधन सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में पर्ची और खर्ची बंद करने के किए गए दावों की लगातार पोल खुलती जा रही है
मांग – कानून अधिकारियों की गलत नियुक्ति किए जाने पर एडवोकेट जनरल बलदेव राज महाजन तुरंत दे इस्तीफा

चंडीगढ़, 1 सितंबर। इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार में सरकारी नौकरियों में धांधली कर चहेतों को नौकरी देने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। इसका एक और उदाहरण सामने आया है जब उच्च न्यायालय ने हरियाणा के एडवोकेट जनरल आफिस में की गई कानूनी अधिकारियों की नियुक्ति पर, नियमों को ताक पर रख कर चहेतों को गलत तरीके से दी गई नियुक्तियां मानते हुए, केंद्र, हरियाणा सरकार और एडवोकेट जनरल बलदेव राज महाजन को नोटिस जारी किया। साथ ही चयन समिति के सदस्यों को भी नोटिस जारी किया है जिन्होंने 14 सितंबर 2016 को एजी कार्यालय में कानूनी अधिकारियों की नियुक्ति के लिए योग्यता का आकलन किया था।

अभय सिंह चौटाला ने भाजपा गठबंधन सरकार पर आरोप जड़ते हुए कहा कि कानून अधिकारियों के चयन में गैर चयनित उम्मीदवारों का साक्षात्कार नहीं लिया गया। ऐसे कानूनी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है जो भाजपा सरकार के चहेते हैं और जिनका चयन पहले से ही किया होता है। सभी नियमों को ताक पर रख कर जिन चहेतों को भर्ती किया गया है वो हरियाणा लॉ ऑफिसर्स एंगेजमेंट एक्ट, 2016 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों को पूरा नहीं करते। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में पर्ची और खर्ची बंद करने के किए गए दावों की लगातार पोल खुलती जा रही है। सरकारी नौकरियों की भर्ती करने वाली एचपीएससी और एचएसएससी को तो पहले ही भ्रष्टाचार का अड्डा बना रखा है जहां सरेआम सरकारी नौकरियां बेची गई। यह सभी को पता है कि एचपीएससी के दफ्तर में उप-सचिव के पास नौकरियों के एवज में लिए गए करोड़ों रूपए पकड़े गए थे।

इनेलो नेता ने कहा कि जब से हरियाणा प्रदेश बना है तब से यह पहली मिसाल है कि किसी कोर्ट ने एडवोकेट जनरल जैसे अहम पद पर बैठे किसी व्यक्ति को चहेतों को गलत तरीके से नौकरी देने के आरोप में नोटिस देकर जवाब मांगा हो। कानून अधिकारियों की गलत नियुक्ति किए जाने पर एडवोकेट जनरल बलदेव राज महाजन के तुरंत इस्तीफे की मांग की।

You May Have Missed

error: Content is protected !!