सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएंगे  भाजपा  सरकार की उपलब्धियां: धनखड़
प्रदेश अध्यक्ष धनखड़, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया कार्यशाला में कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद

चंडीगढ़  31 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि गुरुवार को गुरुग्राम से 2024 के मिशन की शुरूआत हो गई है। मोदी सरकार और राज्य सरकार के अच्छे कामों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह शंखनाद अभियान हरियाणा से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारा शंखनाद अभियान भारतीय वैल्यू के साथ, भारत के गौरव और भारत के ऐतिहासिक मूल्यों के साथ आगे बढ़े, इसलिए गुरुग्राम के गुरुकमल में यह कार्यशाला की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारा सोशल मीडिया विभाग सफलता के आयामों को छुएगा और केंद्र तथा राज्य सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेगा। कार्यशाला के पहले सत्र का शुभारंभ राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने किया। संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी तथा मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख डा. संजय शर्मा तथा केंद्र से आए एक्सपर्ट ने कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को जरूरी टिप्स दिए।

कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया टीम से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया। केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने के लिए ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग करने के टिप्स दिए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों की कार्यशालाएं भी होंगी। उन्होंने कहा कि टीम वर्क के साथ भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को काम करना है। श्री धनखड़ ने कहा कि आज सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म हैं जिनमें सतत सक्रियता तथा सहभागिता से अपनी बात कहने और अपनी विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने संभव होता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सोशल मीडिया के तौर तरीके बदल रहे हैं उसी के अनुरूप हमें भी अपडेट रहना होगा।

कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मोदी सरकार और राज्य सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को हर घर द्वार तक पहुंचाना है।

सोशल मीडिया की कार्यशाला के बाद प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 2014 के चुनाव से अब तक सोशल मीडिया की भूमिका बड़े स्तर पर महसूस की जा रही है। देश व प्रदेश में जो भी चुनाव हुए हैं उनमें सोशल मीडिया की भूमिका बढ़ी है। सोशल मीडिया ने अनेकों स्वरूपों के साथ अपना प्रभाव समाज पर छोड़ा है। मोदी सरकार और राज्य सरकार के अच्छे कामों को पहुंचाने के लिए यह शंखनाद अभियान हरियाणा से शुरू किया गया है। फेसबुक, ट्वीटर से शुरू होकर हम अब रील तक पहुंच गए हैं यह बहुत बड़ा बदलाव है। इन सारे बदलावों को समझते व सीखते हुए भाजपा की टीम लेटेस्ट स्वरूप में काम करेगी। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में सभी जिलों से आए सोशल मीडिया के प्रमुख व सहप्रमुखों से सार्थक संवाद हुआ और उन्हें जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।

षड़यंत्र करने वाला कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा: ओम धनखड़

कांग्रेस विधायक मामन खान के संबंध में पत्रकार द्वारा पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि उनकी गतिविधियों को नोटिस किया गया। उनके वक्तव्य भड़काने वाले रहे हैं, इन्हीं कारणों से उन्हें जांच के लिए बुलाया गया। सरकार की एजेंसी जांच कर रही है। जांच के बाद स्पष्ट हो जाएगा कि कौन दोषी है और कौन निर्दोष है। एक बात साफ है कि नूंह की शांति और भाजपा के बढ़ते प्रभाव से किसी न किसी को तकलीफ जरूर हुई है। मेवात में जो कुछ हुआ वह तयशुदा षड़यंत्र के तहत हुआ है। षड़यंत्र के पीछे कौन है इसकी जांच जरूरी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नूंह में हमने सिंबल पर चुनाव लड़ा और हमारे 7 जिला पार्षद जीत कर आए। हमने सभी नगरपालिकाएं जीती है। भाजपा के शासनकाल में केएमपी, ओर्टिकल ट्रेन, आईएमटीम का काम तेजी से चल रहा है। वाटर मैनेजमेंट का काम बढ़िया किया। जाकिर हुसैन का पन्ना प्रमुख सम्मेलन शानदार हुआ। 50 प्रतिशत मुस्लिम भाई पन्ना प्रमुख बनकर बैठे हुए थे। उन्होंने वंदेमातरम गाया इसलिए किसी न किसी को तकलीफ तो हुई है। नूंह की तरक्की बर्दाश्त नहीं हुई। नूंह की शांति भंग करने का जिसने अंजाम दिया वह लक्षित था। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आने वाला समय मेवात का है।   प्रधानमंत्री मोदी ने भी स्पेशल जिलों में मेवात को शामिल किया हुआ है। यहां की तरक्की कुछ लोगों की आंखों में अखर रही थी। आम आदमी पार्टी के एक नेता के खिलाफ 302 का मुकदमा दर्ज हुआ है। जिन्होंने मेवात की शांति भंग की है और यह अपराध किया उन्हें सजा मिलनी चाहिए।

सोशल मीडिया के जरिए विपक्ष के झूठ का पूरी ताकत से जवाब दें कार्यकर्ता: विनोद तावड़े

राष्ट्रीय महामंत्री व सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि पार्टी की गतिविधियों और उपलब्धियों को ज्यादा से ज्यादा सोशल मीडिया के जरिए शेयर करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और आईटी विभाग जोरदार तरीके से शंखनाद अभियान चलाएं और विरोधियों के हर कुचक्र और झूठ का पूरी ताकत के साथ जवाब दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर नागरिक तक यह संदेश जाना चाहिए कि मोदी के शासन में किस तरह से देश ना सिर्फ ताकतवर हुआ है बल्कि इसके सामर्थ्य का लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है।

श्री तावड़े ने कहा कि सोशल मीडिया पर सही और तार्किक जवाब दें, साथ ही भाषा की मर्यादा का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर युवा शक्ति का है। आज का युवा सोशल मीडिया के अनेको प्लेटफार्म पर सक्रियता के साथ जुड़ा हुआ है। अपनी बात, अपनी विचारधारा और सरकार के कार्यों को आम जन तक सहजता और सरलता के साथ शीघ्रता से पहुंचाने में सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है। आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं को अपनी भूमिका का प्रभावी ढंग से निवर्हन करना होगा। इस मौके पर जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, सोशल मीडिया सह प्रमुख रामबीर भाटी, प्रदेश प्रवक्ता सत्यव्रत शास्त्री, वंदना पोपली, गजेन्द्र सलूजा, बिजेन्द्र नेहरा, कर्मवीर सैनी, सूरजपाल अम्मू, आईटी प्रदेश प्रमुख श्याम यादव, सोशल मीडिया के क्षेत्रीय प्रभारी हर्ष चतुर्वेदी, आलोक कुमार, जिला मीडिया प्रमुख अजीत यादव सहित प्रत्येक जिला से जिला सोशल मीडिया प्रमुख व सह प्रमुख उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!