गृह मंत्री अनिल विज की बदौलत अब कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र के निवासी भी क्षतिपूर्ति पोर्टल पर क्लेम के लिए कर सकते आवेदन

गृह मंत्री अनिल विज के प्रयासों से पोर्टल पर “छावनी बोर्ड लिंक” जुड़ा, पहले पोर्टल पर अम्बाला कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र नहीं था शामिल
बाढ़ से हुए नुक्सान का क्लेम लेने के लिए बोर्ड क्षेत्र निवासियों के दावे अपलोड होने प्रारंभ हुए

अम्बाला, 20 अगस्त – हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य श्री अनिल विज के प्रयासों से अब कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र के निवासी भी क्षतिपूर्ति पोर्टल पर बाढ़ से हुए नुक्सान का क्लेम हासिल कर सकते हैं। क्षतिपूर्ति पोर्टल पर “छावनी बोर्ड लिंक” जुड़ गया है।

क्षतिपूर्ति पोर्टल पर छावनी बोर्ड लिंक जुड़ने से गृह मंत्री अनिल विज की बदौलत छावनी बोर्ड क्षेत्र के उन निवासियों को लाभ मिलेगा जिनका बाढ़ से नुक्सान हुआ है। बोर्ड क्षेत्र के आवेदक पोर्टल ekshatipurti.haryana.gov.in लॉग इन करने के बाद “छावनी बोर्ड लिंक” खोलकर बाढ़ से हुए नुक्सान के दावों को अपलोड कर सकेंगे। इससे पहले इस पोर्टल पर “छावनी बोर्ड लिंक” नहीं जुड़ा था। इस समस्या की जानकारी जब गृह मंत्री अनिल विज के समक्ष आई तो उन्होंने मुख्यालय बात कर क्षतिपूर्ति पोर्टल पर “छावनी बोर्ड लिंक” को शामिल करवाया।

गौरतलब है कि गत माह आई बाढ़ से नुक्सान के आवदेन क्षतिपूर्ति पोर्टल पर आमंत्रित किए गए थे। अम्बाला छावनी नगर परिषद क्षेत्र के निवासियों ने तो पोर्टल पर अपने दावे अपलोड करने प्रारंभ कर दिए थे, लेकिन छावनी बोर्ड क्षेत्र के निवासियों को समस्या आ रही थी जिसका अब समाधान करवाया गया है।

अब छावनी नगर परिषद कार्यालय में कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्र के निवासी क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपने दावों को अपलोड कर सकते हैं।

You May Have Missed

error: Content is protected !!