मुख्यमंत्री मनोहर लाल होंगे मुख्यतिथि
महिलाओं के लिए आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम
101 महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण कार्यों के लिए किया जाएगा सम्मानित

चंडीगढ़, 18 अगस्त: तीज महोत्सव एक ऐसा अवसर है जो महिलाओं के लिए बहुत महत्व रखता है। इस बार इस महोत्सव को प्रदेश सरकार राज्य स्तर पर भव्य तरीके से मनाने जा रही है। हरियाणा सरकार शनिवार को पानीपत के श्री गुरु तेग बहादुर/हुड्डा मैदान में तीज के अवसर पर भव्य महोत्सव का आयोजन कर रही है, जो विशेष रूप से राज्य की महिलाओं को समर्पित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल मुख्यातिथि होंगे और वे उन 101 महिलाओं को भी सम्मनित करेंगे जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी असाधारण छाप छोड़ी है। कार्यक्रम के वैभव में चार चाँद लगाने के लिए आयोजन स्थल पर एक भव्य पण्डाल लगाया जा रहा है, जिसके अगल-बगल 101 झूले भी लगाए गए हैं। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई है।

प्रत्येक जिला से महिलाएं आमंत्रित
तीज कार्यक्रम में हरियाणा के प्रत्येक जिले से महिलाओं को बुलाया गया है। उन जिलों की पहचान हेतु अलग-अलग जिला को अलग-अलग कलर कोड दिया गया है, ताकि उस जिला से आने वाली महिलाएं, उस कलर की चुनरी व उस कलर का रुमाल हाथ पर बांध कर आएं जिससे उस जिला की पहचान हो सके। इसके साथ ही उत्सव के दौरान प्रदेश के कई स्वयं सहायता समूहों द्वारा शानदार प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह प्रदर्शनी प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, डीआरडीए के स्वयं सहायता समूह और हरियाणा राज्य आजीविका मिशन के अन्तर्गत रजिस्टर्ड महिलाओं द्वारा लगाई जा रही है। अभिलेखागार एवं पुरातत्व विभाग, हरियाणा द्वारा भी प्रदर्शनी में एक स्टॉल लगाया गया है जोकि हरियाणवी धरोहर पर आधारित है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की रहेगी धूम
तीज उत्सव को और अधिक रुचिकर बनाने हेतु महिलाओं की विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं खेल विभाग द्वारा करवाई जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सभी विश्वविद्यालयों/महाविद्यालयों द्वारा किया जाएगा। सभी विश्वविद्यालयों और उन महाविद्यालयों की टीमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगी जिनकी टीमें युवा उत्सव में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने दी तीज की शुभकामनाएं
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रदेश के लोगों को हरियाली तीज की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए लोगों के सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की है। हरियाली तीज की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन माह को पवित्र माह माना गया है इस त्यौहार को खाने-पीने व खुशियों का प्रतीक माना जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार 19 अगस्त को पानीपत में राज्य स्तरीय तीज महोत्सव मना रही है। उन्होंने मातृत्व शक्ति से आह्वान किया कि महिलाओं के लिए विशेष रूप से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, इसलिए प्रदेश की सभी महिलाएं इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

error: Content is protected !!