चण्डीगढ़, 12 अगस्त – आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में राज्य के नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करने व राष्ट्रीय ध्वज के प्रति मान-सम्मान बढाने हेतू 13 से 15 अगस्त 2023 तक प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान चलाया जाएगा।  

मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मण्डलायुक्तों एवं उपायुक्तों को पत्र जारी कर ’हर घर तिरंगा‘ अभियान चलाने के लिए निर्देश दिए है। घरों के साथ-साथ सरकारी भवनों, कार्यालयों पर भी राष्ट्रीय ध्वज लगाये जाएंगें। उन्होंने आग्रह किया है  कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ साथ आमजन को भी इस अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

हर घर तिरंगा अभियान का मकसद लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना के साथ देश के उन लोगों की यात्रा को याद कराना है, जिन्होंने इस महान राष्ट्र के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है।  गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 13 से 15 अगस्त तक स्वतंत्रता दिवस को पूरे जोश एवं उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान चलाया जाएगा।

हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत 5 लाख राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज प्रदेश के गांव व शहर के हर राशन डिपो पर मिलेगा और कोई भी व्यक्ति राशन डिपो से 25 रुपये में तिरंगा ले सकता है। तिरंगा हर भारतीय का गर्व है। प्रदेश के सभी नागरिक अपने घरों पर तिरंगा लगाकर कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करें।

 तिरंगा भारत की आन-बान-शान है। सामुहिक प्रयासों से हमें इस अभियान को सफल बनाना है और नागरिकों में देशप्रेम की भावना का संचार करना है। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत मनाए जाने वाले सभी कार्यक्रम उत्साह, एकता, राष्ट्रीय भावना व लोगों को साथ जोडक़र आयोजित किए जा रहे हैं। इस आयोजन से जुडऩा, इसमें बढ़-चढक़र हिस्सा लेना हम सबका कर्तव्य है।