मुख्यमंत्री ने नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय कार्यक्रम के पोस्टर (लोगो) का किया लोकार्पण

चंडीगढ़, 10 अगस्त – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ किए गए नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत आज राज्य स्तरीय कार्यक्रम के पोस्टर (लोगो) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत स्टेट टास्क फोर्स के गठन के संबंध में कहा कि जल्द ही स्टेट टास्क फोर्स का राज्य स्तर और जिला स्तर पर गठन किया जाएगा। इसमें साधु-संतों, सामाजिक संस्थाओं, पुलिस, बुद्धिजीवी वर्ग के साथ-साथ नशे के खात्मे में कार्य करने के इच्छुक लोगों को भी शामिल किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा नशा मुक्ति दिवस 26 जून, 2023 को राज्य स्तरीय नशा मुक्ति अभियान का आरंभ किया गया था। नशा मुक्ति के लिए प्रदेश में किसी भी तरह की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रदेश सरकार सामाजिक संस्थाओं को पूर्ण रूप से सहयोग प्रदान करेगी। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री ने पोस्टर (लोगो) का लोकार्पण किया और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से संचालित की जा रही गतिविधियों के लिए विश्व शिक्षा निकेतन और सनराइज ग्लोबल फाउंडेशन तथा करुणा वेलफेयर ट्रस्ट के प्रयासों की प्रशंसा की।

विश्व शिक्षा निकेतन की अध्यक्ष डॉक्टर साध्वी अमृता दीदी, सनराइज ग्लोबल फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनेंद्र वशिष्ठ, करुणा वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष मनीषा चौधरी ने मुख्यमंत्री को बताया कि नशे को जड़ से खत्म करने हेतु सामाजिक जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक (मंच) प्रतियोगिता (विद्यालय और महाविद्यालय) का आयोजन प्रदेशभर में करवाया जायेगा। प्रतियोगिता का समापन विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी 2024 मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री जवाहर यादव, ब्लू बर्ड स्कूल के निदेशक विभु भटनागर, सनराइज ग्लोबल फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनेंद्र वशिष्ठ, करुणा वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष मनीषा चौधरी, मनदीप सिंह उपस्थित रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!