चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय का जिला नूंह में खुलेगा नया कृषि विज्ञान केन्द्र

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया शिलान्यास
जिला नूंह के किसानों को कृषि पैदावार बढ़ाने के लिए कृषि वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन के साथ मिल सकेगी अन्य सुविधाएं : प्रो. बी.आर. काम्बोज।

हिसार: ़19 जुलाई – चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के तत्वावधान में एक नया कृषि विज्ञान केन्द्र जिला नूंह में खुलेगा। नूंह के गांव छपेड़ा में करीब 30 एकड़ भूमि में कृषि विज्ञान केन्द्र, नूंह का प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शिलान्यास किया। इस मौके पर चीफ प्रिसिपल सेक्रेटरी डी.एस. ढेसी हरियाणा सरकार व चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज भी उपस्थित रहे।

इस कृषि विज्ञान केन्द्र से हरियाणा में स्थित विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केन्द्रों की संख्या बढक़र 20 हो गई है। मुख्यमंत्री ने हकृवि की इस पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा प्रदेश का यह क्षेत्र कृषि के लिए उपयुक्त प्राकृतिक संसाधनों की कमी के कारण कृषि में बहुत पिछड़ा हुआ है। यहां किसानों की आमदनी प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की तुलना में बहुत कम है। उन्होंने कहा इस कृषि विज्ञान केन्द्र के खुलने से यहां के किसानों को कृषि से अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल सकेगा। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों से इस क्षेत्र की भूगोलिक परिस्थिति व किसानों की जरूरतों के अनुसार अनुसंधान कर उन्नत कृषि तकनीक किसानों को उपलब्ध करवाने का आह्वान किया।

उद्घाटन समारोह के बाद कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. बलवान सिंह एवं कृषि विज्ञान केन्द्र, छपेड़ा के इंचार्ज डॉ. उमेश कुमार शर्मा के साथ कृषि विज्ञान केन्द्र फार्म का भ्रमण किया और छपेड़ा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा नवस्थापित कृषि विज्ञान केन्द्र से विभिन्न कार्यक्रमों जैसे मिट्टी-पानी जांच, विस्तार गतिविधियां, प्रशिक्षण कार्यक्रम, उन्नत किस्मों व तकनीकों का प्रदर्शन, बीज उत्पादन व किसानों की आय उपार्जन संबंधित विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से कृषि विज्ञान केन्द्र के साथ तालमेल बढ़ाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में गांव छपेड़ा खेरली दौसा, इन्डरी आदि आसपास के गांवों के किसान भी मौजूद रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!