गौरवशाली भारत रैली में धनखड़ ने कहा- मोदी के बदलते भारत में कांग्रेसी भी बोल रहे हैं जयश्री राम
कांग्रेस ने ढाई-ढाई रुपये के चेक देकर किसानों का अपमान किया, भाजपा ने हर साल 1100 करोड़ देकर सम्मान किया: धनखड़

चंडीगढ़, 19 जून। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि मोदी सरकार ने 9 साल में किसानों के लिए जितना काम किया है उतना किसी सरकार ने नहीं किया। हरियाणा के हर खेत तक पानी पहुंच रहा है। किसानों के लिए बीमा योजना बनाई जिसका फायदा किसानों को मिल रहा है। अब किसानों को ढाई-ढाई रुपये का चेक नहीं मिल रहा। भाजपा सरकार 1100 करोड़ रुपय हर साल किसानों को दे रही है। ये बातें श्री धनखड़ ने सोमवार को चरखी दादरी में मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित गौरवशाली भारत रैली को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने जनसमूह के सामने मोदी सरकारी की योजनाएं और उपलब्धियां गिनवाई, वहीं पूर्व सीएम हुड्डा और उनके बेटे पर भी तंज कसते हुए कहा कि यह बदला हुआ मोदी जी का भारत है कि अब कांग्रेसी भी श्रीराम के जयकारे लगा रहे हैं और दीपेंद हुड्डा अयोध्या में भगवान श्री राम के दर्शन करने जा रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार में मूलभूत सुविधाओं की होम डिलवरी हो रही है। कांग्रेस के समय गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगती थी फिर भी सिलेंडर नहीं मिलता था। आज घरों में सिलेंडर पहुंच रहे हैं और गरीबों को उज्जवला योजना के तहत फ्री सिलेंडर दिए जा रहे हैं। हर घर नल से जल पहुंच रहा है। मोदी सरकार ने शौचालय बनवाकर माताओं-बहनों का सम्मान कराया है। पानीपत की भूमि से प्रधानमंत्री मोदी ने झोली फैलाकर बेटियों की भीख मांगी थी ताकि बेटियों की संख्या का अनुपात बढ़ सके। आज उसी का असर है कि हरियाणा में बेटियों की संख्या एक हजार पर 950 तक हो गई है।

श्री धनखड़ ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में हम बदलते हुए भारत को देख रहे हैं। अयोध्या में जनवरी 2024 में भगवान श्रीराम का मंदिर का उद्घाटन हम देखेंगे। हमने जम्मू-कश्मीर से धारा-370 को टूटते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कहते थे कि धारा-370 को कोई नहीं तोड़ सकता। कांग्रेस की सोच पर सवाल उठाते हुए धनखड़ ने कहा कि कांग्रेसी बताएं कि राम लला को बाबरी मस्जिद में किसने रखा और उसके बाद किसने टैंट में बैठाया। राम मंदिर निर्माण के खिलाफ अदालत में 21-21 वकील किस पार्टी ने खड़े किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच और उसकी झूठ को जनता अब भली भांति समझ चुकी है।

धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस सिकुड गई है। उनके जो कभी बड़े नेता होते थे वे आज भाजपा में हैं। राव इंद्रजीत सिंह, धर्मबीर सिंह, कुलदीप बिश्नाई, रमेश कौशिक और अरविंद शर्मा आज बीजेपी के बड़े नेता हैं। पूर्व सीएम हुड्डा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि तीन तीन प्रदेश अध्यक्षों को कार्यकारिणी नहीं बनाने दी। एक अध्यक्ष को तो लठिया कर बाहर कर दिया। रणदीप सुरजेवाला जैसे बड़े नेता को राजस्थान से सांसद बनना पड़ रहा है। तंज कसते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस ही भाजपा में आ गई है तो वे सरकार किस दम पर बनाने की बात कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना। जिस इंग्लैंड ने कभी भारत पर शासन किया और वे कहते थे कि भारत के लोग शासन नहीं चला पाएंगे आज उसी देश के प्रधानमंत्री को रोते हुए और इस्तीफा देते हुए हमने देखा। उन्होंने कहा कि यही बदला हुआ भारत है कि एक भारतीय आज इंग्लैंड की सरकार चला रहा है। ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि 2024 का समय मोदी और भाजपा का है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील करते हुए कहा कि जो अच्छा काम करता है उसे मौका जरूर मिलना चाहिए। आज की सफल रैली पर उन्होंने सभी का आभार जताया।

error: Content is protected !!