मुख्यमंत्री मनोहर लाल बोले- जिसका हक है, उसे हक मिले, इस सिद्धांत पर हरियाणा सरकार ने किया काम

हरियाणा सरकार ने करनाल ही नहीं पूरे प्रदेश में समान रूप से किया विकास- मुख्यमंत्री मनोहर लाल

करनाल की रामदेव कॉलोनी के वार्ड नंबर-6 में मुख्यमंत्री ने किया जन संवाद

चंडीगढ़, 11 जून- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने करनाल की रामदेव कॉलोनी के वार्ड नंबर-6 में जन संवाद किया। इस जन संवाद के दौरान कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ों लोगों ने एक सुर में आवाज उठाई कि वार्ड का 1-1 व्यक्ति मनोहर लाल बनकर जनता के बीच जाएगा और जवाब देगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने न केवल करनाल जिला में बल्कि पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास करवाया है। भविष्य में और भी तेजी से विकास कार्य करवाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सिरसी गांव में तत्काल पाईप लाइन डालने के लिए विभाग को निर्देश दिए और कहा कि प्रदेश में किसी भी जगह चाहे जो मर्जी विवाद हो लेकिन बिजली और पानी किसी की नहीं रूकेगी।        

 जन संवाद कार्यक्रम के दौरान लोगों ने सरकार के विकास कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मनोहर सरकार में लोगों को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां मिली हैं। इस पर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि वह पूरे प्रदेश में अलग-अलग जगह जन संवाद कार्यक्रम करने जा रहे हैं। यह सर्वमान्य सत्य है कि हमारी सरकार ने पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी हैं। तभी हर कार्यक्रम में आम व्यक्ति सरकार के इस कार्य की दिल खोलकर प्रशंसा कर रहा है।  

तालाबों के लिए बनाई पौंड अथारिटी

जनसंवाद के दौरान एक व्यक्ति ने हरियाणा सरकार द्वारा पौंड अथॉरिटी बनाए जाने की प्रशंसा की। उसका कहना था कि पहले गांवों में तालाबों की सफाई के आभाव में गलियों में पानी भरा रहता था लेकिन हरियाणा सरकार ने पौंड अथॉरिटी का गठन कर अच्छा कार्य किया है। इस पर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि जल बचाने के लिए हरियाणा सरकार ने अनेक कार्य किए हैं। पौंड अथॉरिटी का गठन इन कार्यों में से एक है। इसके माध्यम से प्रदेशभर में तालाबों की सफाई का कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जो किसान धान की बुआई छोड़कर किसी अन्य फसल की बुआई करता है तो उसे मुआवजा दिया जा रहा है।

जिसका हक है, उसे हक मिले, इस सिद्धांत पर हरियाणा सरकार ने किया काम

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि जिसका असल में हक है, उसे उसका हक मिले, हरियाणा सरकार इस सिद्धांत पर काम कर रही है। इसी के चलते परिवार पहचान पत्र बनाया गया। आज लोगों को सरकारी दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ते बल्कि घर बैठे बहुत सी सुविधाएं मिल रही हैं। परिवार पहचान पत्र की वजह से ही यह तय हो पाया है कि कौन सरकारी सुविधा का हकदार है और कौन इसका हकदार नहीं है। इससे सैकड़ों लोगों को फायदा मिला है।

मुख्यमंत्री ने इतने काम कर दिए आने वाली कई पीढ़ियां रखेंगी याद

जन संवाद कार्यक्रम के दौरान एक बुजुर्ग ने हरियाणा सरकार के कार्यों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इतने विकास के काम कर दिए हैं कि आने वाली कई पीढ़ियां उन्हें याद रखेंगी और भूल नहीं सकती। इसके अतिरिक्त एक अन्य व्यक्ति ने सरकार की ट्रांसफर पॉलिसी की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने जन संवाद में मौजूद लोगों की समस्याएं सुनी और तत्काल अधिकारियों को उनका समाधान करने के निर्देश दिए।

सिरसी में पाईप लाइन डालने के निर्देश

मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष सिरसी गांव के एक व्यक्ति ने शिकायत रखी कि उसके यहां गली में पाईप लाइन न डलने की वजह से पानी नहीं पहुंच रहा। इस पर अधिकारी ने गली के विषय पर कोर्ट में केस होने का तर्क रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में चाहे जो मर्जी विवाद हो लेकिन किसी के घर में पानी और बिजली नहीं रोकी जाएगी। उन्होंने तत्काल सिरसी की गली में पाईपलाइन बिछाने का निर्देश दिया।

इस मौके पर घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, वार्ड नम्बर 6 की पार्षद नीलम देवी, प्रतिनिधि राजेन्द्र सिरसी, भाजपा के जिला महामंत्री सुनील गोयल, कोषाध्यक्ष बृज गुप्ता, मण्डल अध्यक्ष जसपाल वर्मा, मंजू खैंची, मुकेश अरोड़ा, रमन अग्रवाल, निर्मल बहल, प्रशासन की ओर से नगर निगम आयुक्त अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा, एसडीएम अनुभव मेहता, जिला परिषद के सीईओ गौरव कुमार, सीटीएम अमन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।