चंडीगढ़, 11 जून – आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने रविवार को एक बयान जारी किया। उन्होंने कहा की दिल्ली में आम आदमी पार्टी की महारैली में उमड़ा जनसैलाब इस बात का सुबूत है कि दिल्ली और देश की जनता केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार, सरकार चुनी जाती है। सरकार के पास अगर अफसर नहीं होंगे तो सरकार नहीं चल सकती है। केंद्र सरकार ने एलजी के माध्यम से दिल्ली की सर्विसेज विभाग को अपने पास रखा। 11 मई को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार के पक्ष में फैसला दिया था। इस फैसले में साफ साफ लिखा था कि दिल्ली की सरकार के पास ट्रांसफर पोस्टिंग के अधिकार हैं। दिल्ली के एलजी इसमें रोक टोक नहीं कर सकते हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बदलकर अध्यादेश लाई, जो गलत है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को तीन बार मुख्यमंत्री के तौर पर चुना है। अगर दिल्ली के अधिकारी मुख्यमंत्री के प्रति जवाबदेह नहीं हैं, तो दिल्ली में विकास कार्यों में जानबूझकर अड़ंगा लगाते है। उन्होंने कहा दिल्ली के साथ साथ पूरे देश की जनता आम आदमी पार्टी के साथ है। राज्यसभा में इस अध्यादेश को पास नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा को राज्यसभा में मुंह की खानी पड़ेगी।

error: Content is protected !!