ओम प्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में जगाधरी में होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी में मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी, मंत्री, सांसद व विधायक भी रहेंगे मौजूद
सभी बैठकों में मुख्य एजेंडा मोदी सरकार के 9 साल एवं पन्ना प्रमुख सम्मेलन होगा

चंडीगढ़, 15 मई। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक 17 मई को जगाधरी के अग्रसेन कालेज में होगी। सुबह 11 बजे प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, सरकार के सभी मंत्री, सभी सांसद, विधायक, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हिस्सा लेंगे। इसके अलावा 19 मई को सभी 22 जिलों की कार्यकारिणी और 21 मई को भाजपा के 311 मंडलों की कार्यकारिणी की बैठक भी होगी। सभी बैठकों में मुख्य एजेंडा मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर होने वाले कार्यक्रमों की रणनीति और पन्ना प्रमुख सम्मेलन की तैयारियों पर फोकस रहेगा।

सोमवार को रोहतक के प्रदेश कार्यालय में जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों और प्रकोष्ठों व मोर्चों के प्रमुखों की बैठक लेने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री रविंदर राजू, महामंत्री वेदपाल, महामंत्री मोहनलाल बडौली, प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी सहित सभी जिला अध्यक्ष जिला प्रभारी उपस्थित रहे।

पंचकूला और रोहतक में हुई संगठनात्मक बैठक के बारे में बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों ने दो वर्षों में सराहनीय कार्य किया है। हर मोर्चे ने अपने स्तर पर बड़े-बड़े कार्यक्रम और गतिविधियां की है। दो दिन की समीक्षा बैठक में सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों को आगे का लक्ष्य दिया गया है जो संगठनात्मक काम को नए लेवल पर लेकर जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इन समीक्षा बैठकों में पदाधिकारियों के 2 साल के कामकाज की समीक्षा की गई है और मिशन 2024 का रोड मैप और आगामी एक साल के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा गई है।

श्री धनखड़ ने बताया कि 20 जून से 30 जून के बीच लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम होंगे और व्यक्तिगत मिलन पर ज्यादा फोकस रहेगा। जून महीने में 21, 23 और 25 तारीखें महत्वपूर्ण हैं। 21 मई को योग दिवस, 23 को श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस और 25 जून को पीएम मोदी के मन की बात और आपातकाल को लेकर प्रदेश में गतिविधियां की जाएंगी। बैठक में मुख्य रूप से मोदी और मनोहर सरकार की योजनाओं का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए अभियान चलेगा और पार्टी के कार्यकर्ता उसमें सहयोगी भूमिका निभाएंगे। नए पन्ना प्रमुख बनाने का काम तेजी से चल रहा है और यह लगभग 23 जून तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा अल्पकालिक विस्तार योजना भी शुरू कर रही है जिसके लिए पदाधिकारियों से 56-56 घंटे हर जिले में देने का आग्रह किया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने बताया कि नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 30 मई से 30 जून तक चलने वाली सेवा गतिविधियों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने बताया कि प्रदेश की 10 की दस लोकसभाओं में रैलियों का आयोजन होगा, लेकिन दो रैली बड़े स्तर पर आयोजित की जाएगी। इन बड़े स्तर पर होने वाली रैलियों में केंद्र के प्रमुख नेता भाग लेंगे। विधानसभा स्तर पर भी सभी मोर्चें और प्रकोष्ठ मिलकर गतिविधियां करेंगे। उन्होंने बताया कि पूरे महीने में विशेष संपर्क अभियान चलाए जाएंगे, जिसमें समाज के विशिष्ट लोगों से मिलने का कार्यक्रम मुख्य होगा। इसके अलावा आज रोहतक में सभी प्रकोष्ठों और मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल एवं संगठन मंत्री रविन्द्र राजू ने ली। सभी प्रकोष्ठों और मोर्चा के प्रमुखों से एक-एक कर उनके कार्य की जानकारी भी ली गई।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा तरक्की की राह पर है। आस-पास के राज्यों की तुलना में हमारी अर्थव्यवस्था काफी मजबूत है। इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए उस पर काफी खर्च किया जा रहा है। वहीं राष्ट्रवाद के मुद्दे पर धनखड़ खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी पार्टी है और उसके लिए राष्ट्र सर्वप्रथम है। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा पर तंज कसते हुए कहा धारा-370 को कांग्रेस ने क्यों नहीं हटाया, सोमनाथ मंदिर पुनउर्द्धार क्यों नहीं किया। कांग्रेस के शासन में नेताजी और शहीदों को मान सम्मान मिलना चाहिए था वह क्यों नहीं मिला। भाजपा राष्ट्र के साथ-अन्य मुद्दों पर भी काम करने वाली पार्टी है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी पांचवी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया। ढांचागत सुविधाएं विश्व स्तर की जा रही हैं। जबकि कांग्रेस ने देश की ढांचागत मजबूती और संस्कृति की सदा उपेक्षा करती आई है, जबकि भाजपा राष्ट्रहित के मुद्दों को प्रखरता से उठाती आई है और आगे भी उठाती रहेगी।

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ ने प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ व संगठन पदाधिकारियों के साथ की वर्चुअल मीटिंग

मोदी सरकार की 9वीं सालगिरह को भव्य तरीके से मनाने में जोर शोर से जुटी भाजपा: तरूण चुघ

हरियाणा में भाजपा उत्सव की तरह मनाएगी मोदी सरकार की 9वीं सालगिरह: धनखड़

चंडीगढ़, 15 मई। भारतीय जनता पार्टी नरेंद्र मोदी सरकार की 9वीं सालगिरह को भव्य तरीके से मनाने के लिए पूरे जोरशोर से जुट गई है। बीजेपी की ओर से पूरे देश में सेवा कार्यक्रमों और विशेष संपर्क अभियान चलाए जाएंगे। हरियाणा में भाजपा की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, संगठन मंत्री रविन्द्र राजू, प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ोली, वेदपाल एडवोकेट व संगठन से जुड़े नेताओं के साथ वर्चुअल मीटिंग की। इस मीटिंग में सांसद नायब सैनी, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, विधायक असीम गोयल, कृष्ण बेदी, मनीष यादव, डा. मदन लाल, मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, रेखा गुप्ता, सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी आदि शामिल हुए।

राष्ट्रीय महामंत्री श्री चुघ ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में मोदी सरकार ने अद्वितीय सफलताएं हांसिल की हैं। पूरे जून महीने में सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को लेकर एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत देश भर में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की 51 रैलियां होंगी और लोकसभा सीटों पर जनसभाएं होंगी जिनमें केंद्रीय मंत्री या पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी का होना अनिवार्य होगा। श्री चुघ ने बताया कि 30 मई से 30 जून तक एक महीने तक यह संपर्क अभियान चलेगा जिसमें मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। प्रदेश के प्रभावशाली व्यक्तियों, खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति, शहीद एवं अन्य विशिष्ट परिवारों से संपर्क साधा जाएगा।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने श्री चुघ को आश्वासन देते हुए कहा कि हरियाणा में मोदी सरकार के 9वी सालगिरह को भव्य तरीके से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की तैयारियां को लेकर बैठकों का दौर जारी है। कार्यक्रम की सफलता के लिए उन्होंने एक 11 सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है जो कार्यक्रमों की योजना और उनके इंप्लीमेंट का कार्य देखगी। उन्होंने कहा कि जिला व मंडल स्तर पर भी तैयारियों को लेकर निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जनसंपर्क अभियान को सफल बनाने की सभी तैयारियां पूरी की जा रही है और हरियाणा में मोदी सरकार के 9 साल की उपलब्धियों और योजनाओं को कार्यकर्ता जन-जन तक लेकर जाएंगे। पूरे जून महीने में हरियाणा में कार्यक्रमों की धूम रहेगी और पार्टी इसे उत्सव की तरह मनाने की तैयारी में जुट गई है।

error: Content is protected !!