प्रत्येक बूथ पर दस नए सदस्य बनाने के लिए हर जिले में अक्टूबर तक युवा मोर्चा चलाएगा अभियान
कांग्रेस के पास बाप-बेटा है उन्हें भी निपटाने के लिए सूरजेवाला पीछे पड़ा है: बिप्लब देब
-‘द केरला स्टोरी’ को हरियाणा के बच्चे-बच्चे तक पहुंचाने का काम करें युवा मोर्चा: ओम प्रकाश धनखड़
युवा मोर्चा के कार्यक्रम में कुरूक्षेत्र पहुंचे थे प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष

चंडीगढ़, 11 मई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कुरूक्षेत्र से ‘युवा मोर्चा के “हर बूथ-दस यूथ” मिशन की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का आयोजन भाजयूमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल राणा द्वारा आयोजित किया गया। इस मिशन के तहत प्रत्येक बूथ पर दस नए सदस्य बनाने के लिए हर जिले में अक्टूबर तक युवा मोर्चा अभियान चलाएगा। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब और ओम प्रकाश धनखड़ ने युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यालय का भी उद्घाटन किया। प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने अपने भाषण से युवाओं में जोश तो भरा ही साथ ही कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बडौली डा. पवन सैनी, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व हरियाणा प्रभारी अभिनव प्रकाश, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, करनाल के जिला अध्यक्ष योगेन्द्र राणा, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रूबल शर्मा, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा योगेंद्र योगी, पूर्व जिला अध्यक्ष राज कुमार सैनी आदि उपस्थित थे।

बिप्लब देब ने कहा कि जो युवा शक्ति भाजपा के पास है, वह कांग्रेस के पास नहीं है। कांग्रेस के पास ना नेता है, ना कार्यकर्ता। बिप्लब देब ने कहा कि कांग्रेस के पास बाप-बेटा है जिसे निपटाने के लिए सूरजेवाला भी पीछे पड़े हैं। उन्होंने सभी युवाओं से सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की और कहा वे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पार्टी से जोड़ें।

प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि कांग्रेस को कोई लीडर नहीं मिलता गॉड फॉदर मिलते हैं। कांग्रेस की हालत तो ऐसी हो गई है कि अपना संगठन तक नहीं बना पाई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में हमने पन्ना प्रमुखों की एक बहुत बड़ी टीम खड़ी कर दी है। कांग्रेस भाजपा की तुलना में कहीं भी नहीं टिकती। इस मौके पर युवाओं को अधिक से अधिक पार्टी से जोड़ने का मंत्र देते हुए श्री देब ने कहा कि आप लोग युवा शक्ति को अपनी सरकार की नीतियों से अवगत कराएं और उन्हें बताए कि भाजपा के शासन में मैरिट के हिसाब से नौकरियां मिलती हैं। भाजपा सरकार अब तक एक लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरियां दे चुकी है और अभी 65 हजार नौकरियां पाइप लाइन में है।

कोरोना काल का जिक्र करते हुए प्रदेश प्रभारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सजगता और नेतृत्व के कारण देश में करोड़ों लोगों की जान बची। हमारी सरकार ने 100 देशों को कोरोना के टीके दिए जबकि 45 देशों को निशुल्क दिए। हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है इसका हमें गर्व होना चाहिए। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि मैं और श्री धनखड़ जी प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष बाद में है सबसे पहले एक कार्यकर्ता हैं और हमें भाजपा का कार्यकर्ता होने पर गर्व है।

भाजपा पंच से शुरू करके प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने का मौका देती है: ओम प्रकाश धनखड़

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि बीजेपी ही एकमात्र ऐसा दल है जिसमें बिना किसी बड़े राजनीतिक परिवार के होते हुए भी युवा अवस्था में मुख्यमंत्री बन सकता है और इसका उदाहरण बिप्लब देव हैं। दूसरी पार्टियों में समय से पहले युवा अवस्था में किसी को मुख्यमंत्री बनने का मौका मिलता है तो बड़े-बड़े नेताओं के पुत्रों को मिलता है। लेकिन भाजपा में 41 साल का नौजवान अध्यक्षता संभालता है और 45 साल का नौजवान मुख्यमंत्री बन जाता है, यह साधारण बात नहीं है। भाजपा पंच से शुरू करके प्रधानमंत्री तक पहुंचने का मौका देती है। बूथ अध्यक्ष से शुरू करके राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचने का मौका देती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसके आने के बाद गीता का महोत्सव विश्व स्तर का होने लगा है। महामहिम राष्ट्रपति यहां आ रहे हैं, उपराष्ट्रपति आ रहे हैं, देश के बड़े-बड़े नेता हरियाणा आ रहे हैं, ऐसे महोत्सव यही नहीं दुनिया के अन्य मुल्कों में भी हो रहे हैं। कुरूक्षेत्र भूमि की बात दुनिया तक पहुंच रही है। कुरूक्षेत्र में जो ज्ञान दिया गया वह ज्ञान दूसरे देशों तक पहुंच रहा है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी देश की संस्कृति के साथ देश की विरासत से प्रेम करते हुए आगे बढ़ती है। 11 मई के दिन को ऐतिहासिक बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज ही के दिन 11 मई 1951 में सोमनाथ मंदिर का उद्घाटन वर्तमान राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद ने किया था। तब निवर्तमान प्रधानमंत्री ने पत्र लिखकर डा. राजेंद्र प्रसाद को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन वे नहीं रूके और उन्होंने मंदिर का उद्घाटन किया।

युवा मोर्चा के इस सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ कांग्रेस पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने शहीदों और तीर्थ स्थलों का कभी सम्मान नहीं किया। कांग्रेस चाहती तो राम मंदिर का उद्घाटन 2024 में नहीं बल्कि 1951 या 1952 में ही करा देती। जवाहर लाल नेहरू चाहते तो करतारपुर साहिब कारिडोर भारत में होता। भगत सिंह का गांव भारत में होना चाहिए था। जवाहर लाल नेहरू तो लार्ड माउंट बेटन और लेडी माउंटबेटन के बड़े नजदीक थे। इतिहास बताता है कि वो चाहते तो शहीद भगत सिंह का गांव भारत में करा देते। दुर्भाग्य तो यह है कि भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव जैसे शहीदों की समाधी स्थल भी पाकिस्तान को दे दिया गया था लेकिन भारत की देश भक्त जनता के दबाव में वापस लिया गया।

कांग्रेस की सरकारों ने जैसा देश बनाना चाहिए था वैसा बनाया नहीं। एयरपोर्टों के नाम रखे तो ऐसे रखे कि इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से चढ़ो और राजीव गांधी एयरपोर्ट पर उतरो। कलकता का डमडम, मुंबई का शांताक्रूज, अटल की सरकार आई तो डमडम नेताजी सुभाष चंद्र बोस हो गया और शांताक्रूज एयरपोर्ट छत्रपति शिवाजी हो गया। चंडीगढ़ का एयरपार्ट भाजपा की सरकार में शहीदे आजम भगत सिंह के नाम से किया गया। पोर्टब्लेयर का एयरपोर्ट का नाम वीर सावरकर के नाम रखा गया। रायपुर का एयरपोर्ट स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट हो गया। नागपुर का एयरपोर्ट बाबा साहब भीम राव अंबेडकर के नाम से हो गया। यह बदलता हुआ भारत है।

श्री धनखड़ ने कहा कि भारत की विरासत से प्यार करने वाला कोई दल है तो वह भाजपा है। 11 मई 1998 में जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया तब पूरी दुनिया ने भारत को धमकाने का प्रयास किया था। प्रतिबंध लगाने की बात कहीं थी और एतराज जताया था। तब अटल जी ने अमेरिका के राष्ट्रपति को कहा था अभी दो और करने हैं और उन्होंने 13 मई को यह भी करके दिखा दिया। यही भाजपा का चरित्र है, चिंतन है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चैलेंज रहते हैं। चैलेंज को समझना और निपटना युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है। युवा पीढ़ी निश्चल देश भक्ति के साथ काम करती है। युवा टोली मेरे साथ भगत सिंह के पूर्वजों के गांव गई थी। युवा मोर्चा ने जयहिंद पोस्ट, रंगे दे बसंती कार्यक्रम आजादी के अमृतमहोत्सव में किए, इस सबके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने रिकार्डतोड़ रक्तदान के लिए भी युवा मोर्चा की प्रशंसा की। श्री धनखड़ ने कहा कि हमारे युवा इतने निष्ठावान हैं कि उन्हें कोई भी दायित्व दिया जाए वे उसे करके दिखाते हैं। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने ‘द केरला स्टोरी’ फिल्म के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जब-जब सच्चाई सामने आती है तब-तब सेकूलर बनने वाले नेता बिल में घुस जाते हैं। कैसे युवाओं को आंतकी बनाया जाता है, बहन बेटियों को कैसे लव जिहाद के जरिए फंसाया जाता है सभी इस फिल्म दिखाया गया है। उन्होंने युवाओं से आग्रह करते हुए कहा कि इस फिल्म को हरियाणा के बच्चे-बच्चे तक पहुंचाने का काम करें। वहीं प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने युवाओं को बताया कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें साधारण से साधारण कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर प्रधानमंत्री तक बन सकता है।

इस मौके पर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल राणा ने कहा कि युवाओं ने संकल्प लिया है कि प्रत्येक बूथ पर दस सदस्य बनाए जाएंगे और नए युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए हर जिले में सितंबर और अक्टूबर तक अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि मिशन 2024 को फतह करने के लिए हरियाणा के युवा मोर्चा के प्रत्येक सदस्य ने संकल्प ले लिया है और 2024 में केंद्र में मोदी और प्रदेश में मनोहर सरकार बनेगी।

error: Content is protected !!