-पीएम मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत मनाया गया महाराष्ट्र दिवस
-लोकमान्य गणेशोत्सव समिति आणि महाराष्ट्र मंडल गुरुग्राम की रही विशेष भूमिका

गुरुग्राम। एक भारत श्रेष्ठ भारत मुहिम चलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों की कला और संस्कृति को परस्पर जानने का बेहतर अवसर दिया है। कई राज्यों के स्थापना दिवस मनाकर इस मुहिम को गुरुग्राम में लगातार गतिशील रखा जा रहा है। इसी कड़ी में अब महाराष्ट्र दिवस मनाया गया। एक मई को महाराष्ट्र राज्य का गठन हुआ था। इसकी पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में महाराजा शिवाजी के जयघोष से गुरुग्राम गूंज उठा।

भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, एक भारत श्रेष्ठ भारत कमेटी हरियाणा के प्रदेश संयोजक एवं परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एक भारत श्रेष्ठ भारत कमेटी के सह-संयोजक एवं पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाण प्रमुख नवीन गोयल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान महाराष्ट्र और हरियाणा की संस्कृति की झलक कलाकारों द्वारा मंच पर दिखाई गई। लोकमान्य गणेशोत्सव समिति आणि महाराष्ट्र मंडल गुरुग्राम की टीम ने कार्यक्रम में विशेष योगदान दिया।

नवीन गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र का बहुत पुराना नाता रहा है। पानीपत की लड़ाई में मराठों ने जो शौर्य दिखाया था, वह इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। सदियों तक उसे याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हम बचपन में महाराजा शिवाजी की कहानियों, उनकी शौर्य गाथाओं को पढ़ते थे। यह सब हमें स्वाभिमान, शौर्य, साहस और देशभक्ति का अहसास कराता रहा है। इन सभी गुणों के साथ हमें जीने की सीख उन गाथाओं से मिलती है।

गुरुग्राम के विकास में अन्य राज्यों के साथ महाराष्ट्र के लोगों का भी अहम योगदान बताते हुए नवीन गोयल ने कहा कि चाहे बोली अलग हो, खान-पान अलग हो लेकिन हमारी सोच, विचार समान हैं। हम एक-दूसरे की कला और संस्कृति को सदा सम्मान देते हैं। गुरुग्राम ऐसी जगह है, जहां पर हर राज्य के लोगों का वास है और हर राज्य की कला, कलाकार यहां पर समय-समय पर संस्कृतियों से रूबरू कराते हैं। दिल्ली से महाराष्ट्र तक विकास कार्यों को सांझा करते हुए नवीन गोयल ने कहा कि आज दिल्ली, गुरुग्राम, मुंबई के बीच दूरियों को कम करने का काम मोदी सरकार ने किया है। उनके मंत्रिमंडल में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के विजन से देशभर में हाइवे का जाल बिछ गया है। दिल्ली-गुरुग्राम-मुंबई के बीच जो एक्सप्रेस-वे बनाया गया है, उससे मात्र 12 घंटे में हम मुंबई पहुंच सकते हैं। जो काम सपना हुआ करते थे, उन्हें आज हकीकत में करके देश को विकास के मार्ग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने आगे बढ़ाया है।

इस अवसर पर अति विशिष्ट अतिथि रामराज शर्मा ने कहा कि गुरुग्राम में काफी लोग महाराष्ट्र के रहते हैं। उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वे बाहरी प्रदेश से आकर यहां रह रहे हों। स्थानीय लोगों की ओर से हमेशा सहारा दिया गया। सभी के साथ प्रेम की भावना से रहते हैं। अपने त्योहारों को मिलकर मनाते हैं। गणेश उत्सव पर तो पूरा गुरुग्राम ही गणेश जी के रंग में रंगा नजर आता है। कार्यक्रम में माढेकर, संजू कावरे, अरविंद कठबे, विष्णु पाटिल, शांताराम उदागे, कमलाकर वाडेकर, मनोहर बोढरे, मसाराम, शरद माहने, प्रह्लाद महाजन, अनिल, भूषण सोनवणे, प्रदीप चव्हाण, नंद किशोर, कैलाश आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!