कर्नाटक में कांग्रेस की लहर, बहुमत से बनेगी सरकार : नीरज शर्मा

बेंगलूरू में कांग्रेसाध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एआईसीसी पर्यवेक्षकों को दिया अति आत्मविश्वास से बचने का संदेश
पुत्तूर विधानसभा क्षेत्र में एआईसीसी पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे विधायक नीरज शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं की ली बैठक

कर्नाटक/ फरीदाबाद। 10 मई को कर्नाटक में होने वाले चुनाव में कांग्रेस भारी बहुमत से जीतेगी। कर्नाटक में भाजपा के भ्रष्टाचार के खिलाफ और कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही है। इसके चलते कर्नाटक में कांग्रेस की बहुमत से सरकार बनेगी। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के चुनाव पर्यवेक्षक प्रभारी के रूप में दक्षिण कर्नाटक के पुत्तूर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे फरीदाबाद के एनआईटी से विधायक नीरज शर्मा ने गुरुवार को प्रत्याशी अशोक राय और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत में नीरज शर्मा ने बताया कि उन्हें पार्टी मुख्यालय ने यहां प्रत्याशी के सहयोग के लिए भेजा है। कार्यकर्ता सिर्फ एक बात का ध्यान रखें कि चुनाव जीतने के अतिआत्मविश्वास से बचें क्योंकि अति आत्मविश्वास चुनाव प्रबंधन को कमजोर करता है। शर्मा ने बताया कि बेंगलूरू से लेकर दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश की नजर कर्नाटक विधानसभा चुनाव पर लगी हैं। कर्नाटक में सरकार बनती है तो इसका संदेश पूरे देश में जाएगा कि भाजपा के भ्रष्टाचार के खिलाफ आम जन खड़ा हो गया है।

नीरज शर्मा ने बताया कि बुधवार को उन सहित कर्नाटक चुनाव में आए पर्यवेक्षकों को बेंगलूरू में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने भी यही संदेश दिया है कि कर्नाटक चुनाव में सभी कार्यकर्ता पूरी शिद्दत के साथ मेहनत करें। चुनाव जीत रहे हैं, पार्टी लहर है, यह सबको पता है लेकिन इससे किसी कार्यकर्ता को अति आत्मविश्वास नहीं होना चाहिए। चुनाव में सभी को कड़ी मेहनत करनी चाहिए। हरियाणा से कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए नीरज शर्मा सहित सिर्फ तीन ही विधायकों को पर्यवेक्षक बनाया गया है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!