ऑडियो कांफ्रेंस के जरिए प्रदेश अध्यक्ष रोजाना कर रहे हजारों कार्यकर्ताओं से संवाद ओम प्रकाश धनखड़़

22 दिनों में 22 जिलों के 70 हजार कार्यकर्ताओं से किया संवाद
शक्ति केंद्र प्रमुख, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बीएलए 2 से बात कर जान रहे जनभावना

मीडिया प्रमुख संजय शर्मा और सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी

चंडीगढ़, 18 मार्च।  2024 के चुनाव तक हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक शक्ति को इस स्तर तक बढ़ा लेना चाहती है कि विपक्षी पार्टियों के पास किसी प्रकार की कोई गुंजाइश ही ना बचे। इस कड़ी में प्रदेश भाजपा के मुखिया ने एक ऐसा संवाद कार्यक्रम चलाया है, जिसके जरिए न केवल कार्यकर्ताओं के मन को टटोला जा रहा है बल्कि जनता में और अधिक मजबूती से जड़ जमाने के लिए कार्यकर्ताओं के सुझाव भी लिए जा रहे हैं।  ‘नमस्कार, मैं ओमप्रकाश धनखड़ बोल रहा हूं’ नाम से चलाए जा रहे संवाद कार्यक्रम के जरिए आडियो कांफ्रेंसिंग करके प्रदेश अध्यक्ष अब तक केवल 22 दिनों में प्रदेश भर के सभी 22 जिलों के करीब 70 हजार कार्यकर्ताओं से बात कर उनके ‘मन की’ ले चुके हैं। जिनमें 4500 से अधिक शक्ति केंद्र प्रमुख, 310 मंडल अध्यक्ष और इतने ही मंडल प्रभारी, 19 हजार से अधिक बूथ अध्यक्ष,  19 हजार के करीब बूथ पालकों और लगभग इतने ही बीएलए-2 के अलावा जिले के अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

 जानकारी के अनुसार कार्यकर्ताओं के मन को टटोलने के लिए चलाया जा रहे इस संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ता अपने मन की बात खुल कर रख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अब तक जितने भी कार्यकर्ताओं से संवाद हुआ है, उन्होंने अपने प्रदेश अध्यक्ष को यह रिपोर्ट देते हुए खुशी जताई है कि भाजपा के मुकाबले विपक्ष कहीं नहीं है, लेकिन साथ ही यह सुझाव भी दिए हैं कि कुछ विभागों की लापरवाही से रुके हुए छोटे-छोटे कुछ कार्यों को कराने की आवश्यकता है। जानकारी के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं द्वारा बताई गई समस्याओं के निपटान के लिए संबंधित विभागों के अनेक अधिकारियों से स्वयं भी बात की है और जिला अध्यक्षों को भी निर्देश दिए हैं कि वे कार्यकर्ताओं की बताई गई समस्याओं पर संज्ञान लेकर संबंधित विभागों से संपर्क करें और उनके काम कराएं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि संवाद के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा बताई गई समस्याओं को हल करने के लिए खुद ओमप्रकाश धनखड़ विभागीय मंत्रियों से भी बात कर रहे हैं।  प्रदेश अध्यक्ष के संवाद और  काम करने के तरीके से कार्यकर्ता भी गदगद हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष अब तक अपने संवाद कार्यक्रम के जरिए आडियो कांफ्रेंसिंग से झज्जर के  3036, सिरसा के 1500, गुुरुग्राम के  3066, फरीदाबाद के 4035, कुरूक्षेत्र के 3261, अंबाला के 1644, पानीपत के 6735, जींद के 3250, पलवल के 3275, महेंद्रगढ़ के 2962 और नूंह जिले के 2043,  हिसार के 3745, फतेहाबाद कज 3329, रोहतक के 2662, पंचकूला के 2048, यमुनानगर के 3348, भिवानी के 3566, दादरी के 1916, सोनीपत के 4068, करनाल के 4199, कैथल के 2976 और रेवाड़ी के 2635 दायित्व कार्यकर्ताओं से बात कर चुके हैं।

भले ही इस आडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए इतनी बड़ी संख्या में पहली बार कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया है, लेकिन खुद प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते एक-एक कार्यकर्ता की संभाल करना उनका दायित्व है और वे लगातार बैठकों, वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हर दिन कार्यकर्ताओं से संवाद करते ही रहते हैं। हालांकि धनखड़ ने माना कि आडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हजारों कार्यकर्ताओं से जुड़ कर उनके मन की बात जानने का यह  अनुभव भी सकारात्मक और उत्साहवर्धक रहा। धनखड़ ने कहा कि भाजपा एक परिवार है।  परिवार के सदस्यों से सुझाव लेकर आगे बढ़ा जाता है। इसी नाते ये संवाद कार्यक्रम चलाया गया, जिसमें सब ने खुले मन से अपनी बात कही।

हो रही धनखड़ के इस अंदाज भी की भी चर्चा

आजकल‌ प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ का एक अलग अंदाज भी देखने को मिल रहा है। वे कार्यक्रमों में तो कार्यकर्ताओं से मिलकर उनसे चर्चा करते ही रहे हैं, लेकिन अब वे अपने कार्यक्रमों में से समय निकालकर पार्टी से जुड़े पुराने कार्यकर्ताओं का हाल चाल जानने उनके घर या उनकी दुकान पर पहुंच रहे हैं। कुछ दिन पहले अंबाला में पार्टी के पुराने कार्यकर्ता अनिल प्रसाद की चाय की दुकान पर पहुंच गए और चाय पर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। यहां अच्छा खासा समय उन्होंने अनिल प्रसाद के साथ बिताया और उनके परिवार के संबंध में कुशलक्षेम पूछा। धनखड़ का इस तरह एक कार्यकर्ता के पास पहुंच जाने की चर्चा प्रदेश भर में हैं।

19 को शक्ति केंद्र प्रमुख और पालक बैठक समालखा में

हर समय चुनावी मोड में रहने वाली प्रदेश भाजपा के शक्ति केंद्र प्रमुखों एवं पालकों की बैठक 19  मार्च को समालखा में रखी गई है। यह बैठक 6 जिलों के शक्ति केंद्र प्रमुख और पालकों की होगी।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख संजय शर्मा ने बताया कि इस बैठक में 6 अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस पर प्रदेश भर रखें गए कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर में पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन चल रहे हैं और 6 अप्रैल को 5 लाख कार्यकर्ताओं के घरों पर भाजपा के झंडे लहराए जाने हैं। मीडिया प्रमुख संजय शर्मा और सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी ने बताया कि इस बैठक में अंबाला, करनाल, सोनीपत, रोहतक, फरीदाबाद, गुरुग्राम के शक्ति केंद्र प्रमुख एवं पालक भाग लेंगे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!