‘गांव गांव चलो, घर घर चलो’’ अभियान चलाएगा ओबीसी मोर्चा: लक्ष्मण
– 2024 के चुनावों में जनता देश विरोधी ताकतों को देगी मुंहतोड़ जवाब: ओम प्रकाश धनखड़
– भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी बैठक संपन्न

चंडीगढ़,  18 मार्च। भाजपा ओबीसी मोर्चा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री करणदेव कांबोज की अध्यक्षता में फरीदाबाद के जिला भाजपा कार्यालय ‘‘अटल कमल’’ में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य एवं ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने ओबीसी समाज के उत्थान का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया। उन्होंने कहा पीएम मोदी सही मायने में गरीबों और पिछड़ों के मसीहा हैं। वहीं भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने देश विरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही। इस मौके पर उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्य योजनाओं पर जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।

डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसी ने यदि सच्चे मन से ओबीसी समाज के उत्थान का काम किया है तो वो वह मोदी सरकार ने किया है। चाहे वो केंद्रीय मंत्रिमंडल में 27 ओबीसी समाज के लोगो को प्रतिनिधित्व देना हो या फिर ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देना हो। केंद्रीय विद्यालय से लेकर नीट परीक्षा में ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का काम मोदी सरकार ने किया है।

कांग्रेस व विपक्षी दलों को निशान पर लेते हुए डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा कि साठ साल में सिर्फ नारे ही लगाए कि गरीबी हटाओ, लेकिन गरीब लोगो के उत्थान के लिए कुछ नहीं किया, वहीं भाजपा ने जहां  अंत्योदय का नारा ही नहीं दिया बल्कि मोदी जी के नेतृत्व में उसी भाव से गरीबों के कल्याण का कार्य भी किया।  डा. लक्ष्मण ने कहा कि भाजपा के स्थापना दिवस 6 अप्रैल से संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर के जन्म दिवस 14 अप्रैल तक ओबीसी मोर्चा राष्ट्रीय स्तर पर ‘‘गांव गांव चलो, घर घर चलो’’ अभियान चलाएगा जिसमे 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फूले का जन्म दिन भी मनाया जायेगा।

भाजपा में जोड़ने की और कांग्रेस में तोड़ने की परंपरा: बिप्लब देब

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा प्रभारी विप्लव देब ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा जोड़ने का काम करती है। तोड़ने की परंपरा कांग्रेस में है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने नारा दिया था सबका साथ, सबका विकास, सबका विस्वास। इसी ध्येय वाक्य का भाजपा अनुसरण करती है। देब ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्त्ता के लिए सर्वप्रथम राष्ट्र है, न कि निजी हित।

डबल इंजन सरकार के चलते हम विकास के पथ पर अग्रसर: ओपी धनखड़

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़  ने अपने संबोधन में कहा  कि आज केंद्र व हरियाणा प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार के चलते हम विकास के पथ पर अग्रसर है, दूसरी विपक्षी पार्टी कितना भी जोर लगा ले या प्रोपेगंडा कर ले लेकिन आज ओबीसी समाज एकजुट होकर भाजपा के साथ मजबूती के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जिन्हें भारत समझो यात्रा करनी चाहिए वो आज भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे है। हमें पूरा विश्वास है कि 2024 में एक बार फिर इन देशविरोधी ताकतों का हम मुंहतोड़ जवाब देंगे और दो तिहाई सीटें जीतकर फिर से  देश व प्रदेश में सरकार बनायेंगे।

गरीब कल्याण को समर्पित है मोदी सरकार: कृष्ण पाल गुर्जर

केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि  मोदी जी ने कहा था कि मेरी सरकार गरीब कल्याण को समर्पित सरकार है तो उन्होंने उसे करके दिखाया। उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में सबसे पहले गरीबों व पिछड़े समाज की मूलभूत सुविधाओ पर ध्यान दिया जैसे जनधन खाते, बिजली, आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन। वहीं मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में उन्होंने भारत को आज विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का काम किया है। आज देश में इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर डिजिटल इंडिया सब भारत में विश्वस्तरीय है।

पिछड़े वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए कृत संकल्पित है भाजपा सरकार: सुधा यादव

भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्या सुधा यादव ने कहा कि राष्ट्रीय व प्रदेश में पिछड़ा वर्ग आयोग को अब संवैधानिक दर्जा मिल चुका है और समस्याओं के समाधान में कोई दिक्कत नहीं आएगी। नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और प्रदेश में मनोहर सरकार पिछड़े वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि  ओबीसी मोर्चा को जन-जन के बीच ले जाना होगा और उन्होंने बूथ स्तर पर मजबूत करने का आवाहन किया।  

सेवा ही संगठन है के सिद्धांत पर चलती हैं भाजपा सरकारें: सैनी

ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवम् संसद नायब सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ही एक मात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी हैं जो सेवा ही संगठन है के सिद्धांत पर चलती है। उन्होंने कहा कि धारा 370 हो या राम मंदिर या तीन तलाक भाजपा अपने किए गए वायदों को जरूर पूरा करती है। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवम् हरियाणा प्रभारी गजेंद्र यादव ने कहा कि 6 अप्रैल से ओबीसी मोर्चा पूरे देश में ‘गांव गांव चलो, घर घर चलो’ अभियान चलाएगा जिसमें केंद्र सरकार द्वारा पिछले नौ वर्ष में  पिछड़ा वर्ग कल्याण के लिए किए गए कामों को, योजनाओं को घर घर तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में ओबीसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कर्णदेव कांबोज, महामंत्री रामेश्वर प्रजापति, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष भगवान सिंह, यमुनानगर मेयर मदन चौहान, पानीपत मेयर अवनीत कौर, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और महामंत्री उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!