यादव समाज अम्बाला छावनी की शान, शहर को अच्छा कहलवाने में समाज का बहुत बड़ा योगदान : गृह मंत्री अनिल विज

अम्बाला छावनी में स्वास्थ्य, खेलों एवं अन्य क्षेत्रों में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों की जानकारी दी गृह मंत्री अनिल विज ने, कहां “विकास के मामले में अम्बाला निरंतर आगे बढ़ रहा है”

अम्बाला छावनी में पहले बिजली और पानी दो बड़ी समस्याएं थी, मगर इन दोनों समस्याओं को उन्होंने दूर किया : मंत्री अनिल विज

श्री यादव सभा के वार्षिक परिवार मिलन समारोह में बतौर मुख्यतिथि शिरकत की गृह मंत्री अनिल विज ने, सभा को 10 लाख रुपए देने की घोषणा करी

अम्बाला, 26 फरवरी।  हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि यादव समाज अम्बाला छावनी की शान है और एक मजबूत एवं सुसंस्कृत समाज है। अम्बाला छावनी को अच्छा शहर कहलवाने में यादव समाज का बहुत बड़ा योगदान।

श्री विज रविवार दोपहर यादव धर्मशाला में श्री यादव सभा के वार्षिक परिवार मिलन समारोह में बतौर मुख्यतिथि समाज के सैकड़ों लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा अक्सर संस्थाएं आपस में मिलती है, लेकिन परिवारों को आपस में कभी नहीं मिलवाते और यह कमी संस्थाओं में है। मगर, यादव सभा ने अच्छा कार्य करते हुए परिवार के लोगों, महिलाओं व बच्चों को एक-दूसरे से मिलने का अवसर प्रदान किया। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी अच्छा बने इसकी पहचान हो, उसके लिए वह लोगों के सहयोग से पूर्ण कोशिश कर रहे हैं। अम्बाला छावनी में अब तक स्वास्थ्य, खेलों एवं अन्य क्षेत्रों में कई विकास कार्य हुए और विकास के मामले में अम्बाला निरंतर आगे बढ़ रहा है। गृह मंत्री विज ने यादव सभा को अपने कोष से दस लाख रुपए देने की घोषणा की। इससे पहले गृह मंत्री अनिल विज के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर यादव सभा द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। सभा की ओर से उन्हें पगड़ी व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया गया।

छावनी की दो बड़ी समस्याओं का जिक्र किया गृह मंत्री ने, बताया किस तरह हल करवाई यह समस्याएं

गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि वह पहली बार जब विधायक बने तो उन्होंने देखा कि अम्बाला छावनी में पेयजल और बिजली रूपी दो बड़ी समस्याएं थी। छावनी के जितने झगड़े होते थे, वह पानी पीने के नलके पर होते थे और दूसरा जितने प्रदर्शन होते थे वह बिजली नहीं आने के कारण होते थे। इन दोनों बातों को उन्होंने देखा और इसका समाधान किया। छावनी में ट्यूबवेल आधारित पेयजल व्यवस्था थी और जमीन का जलस्तर नियमित नीचे जा रहा था। वह 18 किमी. दूर से नहरी पानी लेकर आए और आज घर-घर में पानी पहुंच रहा है। अम्बाला छावनी का दायरा बढ़ और कुछ गांव शामिल हो गए, इस वजह से एक नई पानी की पाइप लाइन डाली जा रही है ताकि कोई समस्या न रहे।

इसी तरह, बिजली समस्या पर उन्होंने अध्ययन किया तो पता चला कि अम्बाला छावनी में बिजली भाखड़ा से मिलती थी और ज्यादा लोड होने पर अम्बाला छावनी की बिजली काट दी जाती थी। कभी किसी ने नहीं सोचा कि अम्बाला छावनी को बाकि हरियाणा से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने छावनी में दो 66केवीए के सर्किट अम्बाला छावनी से शाहबाद तक लगवाए ताकि हरियाणा की बिजली भी हमारे पास आ सके। इसी तरह तेपला में 220केवीए का सब-स्टेशन लगाया जहां से अम्बाला छावनी तक बिजली की आपूर्ति की गई। अब अम्बाला छावनी में बिजली की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है।

सैर सपाटे के लिए अब दूसरे शहरों से अम्बाला छावनी आ रहे लोग : मंत्री अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पहले बाहर के शहरों की लड़कियां अम्बाला छावनी के लड़कों से शादी नहीं करना चाहती है, क्योंकि अम्बाला में कोई भी घूमने का स्थान नहीं है। उन्होंने सुभाष पार्क बनवाया जहां आज अम्बाला छावनी ही नहीं अन्य शहरों से लोग सैर-सपाटा करने के लिए आ रहे हैं। इसी तरह 1857 के शहीदों को समर्पित 400 करोड़ की लागत से शहीदी स्मारक बनवा रहे है। जहां समूचे देश से लोग इसे देखने आएंगे। इसके साथ साइंस म्यूजियम बनेगा जहां लगभग 400 प्रोजेक्ट होंगे जिससे बच्चे सीख सकेंगे। इन सबके बनने से अम्बाला छावनी में घूमने के स्थान की कोई कमी नहीं होगी।

छोटे कामों के लिए अम्बाला शहर पर थी निर्भरता, अब समय और पैसे की बचत : मंत्री अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी के लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए पहले शहर जाना पड़ता था। नगर निगम, एसडीएम कार्यालय आने-जाने में ही समय और पैसे बर्बाद होते थे। मगर उन्होंने आते ही इसपर काम किया। नगर निगम से अलग कर अम्बाला छावनी को नगर परिषद का दर्जा दिया। इसी तरह अम्बाला छावनी को उपमंडल का दर्जा दिलाते हुए एसडीएम यहां बिठवाया और लघु सचिवालय बनवाया जहां आज विभिन्न विभागों के दफ्तर खुल गए हैं। अब छावनी वासियों के हर साल पेट्रोल के पैसे बच रहे हैं क्योंकि उन्हें छोटे-मोटे कार्यों के लिए शहर नहीं जाना पड़ रहा है।

इसी तरह अम्बाला में पुलिस कमिश्नरी थी और उन्होंने इस कमिश्नरी को तुड़वाकर पुराना सिस्टम अम्बाला रेंज बना दी और अम्बाला में रेंज के एडीजीपी यहां बैठते हैं।

बच्चों की उर्जा सकारात्मक कार्यों में लगे, इसके लिए कार्य किए : अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि बच्चे सकारात्मक कार्यों में लगे इसके लिए उन्होंने छावनी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑल वेदर स्वीमिंग पूल, अंतरराष्ट्रीय स्तर का जिम्नास्टिक स्टेडियम बनवाया। फीफा एप्रूव्ड फुटबाल स्टेडियम बनाया जा रहा है। योगा की ओर बच्चों का रुझान है और इसको बढ़ावा देने के लिए सुभाष पार्क के निकट, इंदिरा पार्क और बब्याल में योगशाला बनवाई। कई गांवों में भी योगशाला बनवाई जहां सुबह-शाम योग करने वालों की कतारें लग रही है।

सिविल अस्पताल की ओपीडी तीन हजार, दूसरे राज्यों से आ रहे मरीज : अनिल विज

स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी का सिविल अस्पताल पहले टूटा-फूटा था और उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहली फाइल पर हस्ताक्षर किए वह सिविल अस्पताल की फाइल थी। पुराने अस्पताल में प्रतिदिन 152 ओपीडी थी, मगर सुविधाओं में इजाफा करने से आज ओपीडी 3 हजार पहुंच गई है। पहले पट्टी तक नहीं होती थी आज यहां प्लास्टिक सर्जरी हो रही है। उन्होंने कैंसर अस्पताल बनवाया जहां बेहतरीन मशीनों से बेहतर डॉक्टर मरीजों का ईलाज कर रहे हैं। हरियाणा ही नहीं राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश तक के राज्यों से मरीज यहां आ रहे हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण यहां सौ बेड का अस्पताल और बनवाया जा रहा है।

40 किमी. रिंग रोड बनने से अम्बाला लेगा महारूप : मंत्री अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला का विस्तार हो सके और अम्बाला महारूप ले सके इसके लिए अम्बाला के चारों ओर सिक्स लेन रिंग रोड को मंजूर करवा दिया गया। इसका कार्य शुरू होने वाला था, मगर किसानों ने फसले काटने तक समय मांगा जिस कारण अब इस कार्य को एक माह बाद शुरू किया जाएगा। रिंग रोड बनने पर अम्बाला छावनी में अंदर आने के बजाए बाहर से ही अन्य शहरों की ओर वाहन चालक निकल सकेंगे। अंदर वहीं आएगा जिसका अम्बाला में काम होगा। इसी तरह छावनी में साहा रोड एक्सीडेंट रोड मानी जाती थी, उन्होंने इस रोड को अम्बाला से साहा तक फोरलेन रोड बनवाया। अब अम्बाला से साहा पहुंचने में महज 15 मिनट का समय लगता है।

नाईड फूड स्ट्रीट में मिलेंगे अलग-अलग व्यंजन : अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि गांधी ग्राउंड के पास बहुत बेहतरीन बैंक स्क्वेयर कम शापिंग काम्पलेक्स बनाया जा रहा है। गांधी ग्राउंड के दूसरी तरफ नाईट फूड स्ट्रीट बनाई जा रही है। यहां अम्बाला छावनी के लोगों को अलग-अलग व्यंजन खाने को मिलेंगे। इसी प्रकार सदर बाजार में मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है और सदर में सारी सड़कों को नया रूप दिया जा रहा है। अम्बाला छावनी में मल्टी लेवल कार पार्किंग जल्द जनता को समर्पित होगी, यहां कारों की पार्किंग के लिए लिफ्ट भी लगाई जाएगी।

अम्बाला छावनी में डेयरियों को व्यवस्थित करने के लिए ब्राह्मण माजरा में आधुनिक 20 एकड़ में डेयरी काम्पलेक्स बनाने की योजना है जिसमें डेयरियों के लिए जगह, पशुओं के लिए अस्पताल, चारा मंडी और ग्वालों के लिए रेस्ट हाउस होगा। आने-जाने के लिए टांगरी नदी पर नया पुल भी बनाकर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि छावनी में नाले भी चौड़े करते हुए पक्के बनवा दिए और भविष्य में यहां मशीनों से सफाई होगी। सदर क्षेत्र की नालियां अंडर ग्राउंड पाइप डलवा दी। अब यहां  मक्खी-मच्छर नहीं होंगे और सफाई में भी दिक्कत नहीं होगी। छावनी में सीवरेज भी डलवाई जा रही है और यह कार्य भी पूरा होने वाला है।

डोमेस्टिक एयरपोर्ट के लिए 20 एकड़ जमीन की मंजूरी जल्द मिलेगी : मंत्री अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि छावनी में डोमेस्टिक एयरपोर्ट का भी प्रोजेक्ट पूरा होने वाला है, एयरपोर्ट के लिए 20 एकड़ जमीन ली जा रही है जिसकी जल्द मंजूरी मिलने वाली है और जल्द अम्बाला छावनी से डोमेस्टिक विमान सेवा शुरू होगी।
इसी तरह नग्गल में एनसीडीसी (राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र) को स्थापित किया रहा है। केंद्र ने योजना बनाई थी कि अभी तक गंभीर बीमारियों के टेस्ट कराने के लिए देश के अलग-अलग स्थानों पर चार प्रयोगशाला बनाई जाएगी जिनमें से एक प्रयोगशाला वह अम्बाला छावनी में बनवा रहे हैं।

यादव धर्मशाला की रोड होगी डबल : अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि यादव धर्मशाला को आने वाली रोड को भी डबल करने की योजना है। इस अवसर पर यादव सभा के प्रधान सुखराज यादव, महासचिव अमर यादव, वरिष्ठ उप प्रधान बलवंत यादव, मुख्य सलाहकार राधेश्याम यादव, कोषाध्यक्ष श्याम बाबू यादव, उप महासचिव अशोक यादव, सचिव मोहन यादव, उप प्रधान नीरज यादव, पूर्व पार्षद हीरालाल यादव, रविंदर यादव, प्रोफेसर अतुल यादव, कैप्टन हवा सिंह यादव, राजेश राव, उमेश यादव, अजय यादव, किरण यादव सहित पूर्व पार्षद कमल किशोर जैन, सदर मंडल प्रधान राजीव डिंपल, उप प्रधान सुंदर तिवारी, दीपक भसीन, प्रवेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Previous post

सरकार ने किसानों की आय दोगुणी करने की बजाय खेती को कंगाल बना दिया: अभय सिंह चौटाला

Next post

<strong>गायक बी प्राक के नए गीत “बढ़ते जाना है” में गृह मंत्री अनिल विज का वीडियो और फोटो शामिल करने पर गृह मंत्री अनिल विज ने गीतकार का धन्यवाद किया</strong>

You May Have Missed