कांग्रेस का लक्ष्य तो हरियाणा से भाजपा-संघी सत्ता को उखाड़ कर फेंकना है : विद्रोही
निजी जानकारी अनुसार हरियाणा के भाजपा नेता ही उन्हे मुख्यमंत्री पद से हटाने की बात चला रहे है और वे ही अखबारों में खबरे प्लांट करवा रहे है : विद्रोही

12 दिसम्बर 2022 – स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के इस दावे को हास्यास्पद बताया कि विपक्ष उन्हे मुख्यमंत्री पद से हटाने की अफवाह सोशल मीडिया में उड़ा रहा है। विद्रोही ने सवाल किया कि एक जनविरोधी, गांव, किसान, मजदूर विरोधी बदनमा मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर को मुख्यमंत्री पद से हटाने की कथित अफवाह कांग्रेस क्यों और किसलिए उड़ाएगी? कांग्रेस का लक्ष्य तो हरियाणा से भाजपा-संघी सत्ता को उखाड़ कर फेंकना है। हरियाणा की जनता के आशीर्वाद से अक्टूबर 2024 के विधानसभा चुनाव में कांगेस भाजपा को सत्ता से खदेडकर मनोहरलाल खट्टर को फिर से नागपुरिया संघी बिल में भेजने का काम करेगी। अक्टूबर 2024 तक भाजपा के मुख्यमंत्री खट्टर जी रहते है या अन्य कोई नागपुरिया मोहरा इस पद पर बैठता है, इससे कांग्रेस को क्या लेना-देना। 

विद्रोही ने कहा कि मुख्यमंत्री खट्टर जी यह भी असत्य दावा कर रहे है कि उनको पद से हटाने की अफवाह सोशल मीडिया पर उडी। मुख्यमंत्री को अपने पद जाने का भय होगा, तभी तो वे असत्य बोल रहे है। खट्टर जी को हटाने की सबसे पहले खबर भी संघ समर्थक एक अंग्रेजी अखबार में एक संघी महिला पत्रकार ने ही अपने गपशप के कालम के माध्यम से उछाली थी। विगत 50 वर्षो से यह अंग्रेजी अखबार कांग्रेस विरोधी व संघी राजनीति का समर्थक चला आ रहा है। मोदीजी व खट्टर की बैठक के तुरंत बाद एक संघी समर्थक महिला पत्रकार ने यह खबर संघी सूत्रों के माध्यम से परोसी थी। विद्रोही ने कहा कि जब यह खबर परोसी गई तब तो खट्टर जी दड़ मारे पड़े रहे, लेकिन हाल के चुनावों में गुजरात विधानसभा चुनाव को छोडकर जिस तरह भाजपा को हिमाचल, दिल्ली एमएसीडी व मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव व राज्यों के विधानसभा उपचुनावों में करारी हार मिली है, तब मुख्यमंत्री खट्टर जी को भय सता रहा है कि हरियाणा में भाजपा के गिरते ग्राफ, भाजपा के प्रति ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बढ़ते आक्रोश व हरियाणा में सत्ता दुरूपयोग से किये जा रहे अरबो रूपये के घोटालों में कारण कहीं उन्हे मुख्यमंत्री पद न गवाना पड़े। इसी डर के चलते वे खुद को सीएम पद से हटाने की कथित अफवाह का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़कर अपनी हताशा को दर्शा रहे है।

विद्रोही ने कहा कि उनकी निजी जानकारी अनुसार हरियाणा के भाजपा नेता ही उन्हे मुख्यमंत्री पद से हटाने की बात चला रहे है और वे ही अखबारों में खबरे प्लांट करवा रहे है। वहीं हरियाणा के एक बड़े भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री खट्टर जी के विगत 8 सालों के भ्रष्टाचार व घोटालों का कच्चा चिठ्ठा प्रमाणों के साथ मोदी जी को देने की खबरे भी भाजपाई-संघी आपसी निजी बात में बता रहे है।