जिलेभर में सफाई फायर ब्रिगेड कर्मी आठवें दिन भी हड़ताल पर
सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

भारत सारथी/ कौशिक

नारनौल। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा आयोजित हड़ताल के आठवें दिन नारनौल शहर में जिले की सभी पांचों नगर पालिका के कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी हाथों में काले झंडे लिए हुए थे तथा उन्होंने सरकार के विरोध में नारेबाजी की। पूरे जिले से करीब 600 सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन में भाग लिया।

नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर आयोजित सफाई कर्मचारियों व दमकल कर्मियों की हड़ताल 8वे दिन भी जारी रही। हड़ताल के आठवें दिन जिला मुख्यालय पर जिला महेंद्रगढ़ की सभी नगर पालिकाओं के सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया।

इसमें नारनौल नगर परिषद के कर्मचारियों के अलावा नगर पालिका महेंद्रगढ़, नगर पालिका कनीना, नगर पालिका मंडी अटेली और नगरपालिका नांगल चौधरी के कर्मचारी भी शामिल थे । प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में काले झंडे लिए हुए थे तथा सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे। प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए पुलिस बल भी प्रदर्शनकारियों के साथ रहा।

नगरपालिका कर्मचारियों ने शहर के मुख्य मार्गों पर प्रदर्शन किया। कर्मचारी नगर परिषद नारनौल से प्रदर्शन करते हुए महावीर चौक पहुंचे जहां पर उन्होंने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कर्मचारी रेवाड़ी रोड होते हुए बस स्टैंड तक गए। बस स्टैंड के सामने भी कर्मचारियों ने कुछ देर रुक कर सरकार के विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद कर्मचारी वापस महावीर चौक होते हुए नगर परिषद प्रांगण में पहुंच गए। जहां पर पूर्व में चल रहे धरने में कर्मचारी शामिल हुए।

एक तरफ जहां नगर पालिका के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर है वहीं दूसरी तरफ हड़ताल की वजह से शहरों में सफाई व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गई है। शहरों के बाजारों सहित गली मोहल्लों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। जिसकी बदबू आम लोगों को परेशान करने लगी है।

error: Content is protected !!