हमारी कोशिश, लोगों को वापस सन् 1857 में ले जाए, जब आजादी का बिगुल अम्बाला छावनी से बजा था’’- गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज

अनिल विज ने 22 एकड़ में बने स्मारक से पानी निकासी, बिजली फीडर एवं अन्य पहलुओं को लेकर अधिकारियों से की चर्चा

जल्द ही इंटीरियर कार्य के भी टेंडर होंगे : अनिल विज

विज ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ अम्बाला छावनी में बन रहे शहीद स्मारक का निरीक्षण किया

अम्बाला, 15 अक्तूबर। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि सन् 1857 में आजादी की पहली लड़ाई में जो लोग शहीद हुए, उन अनसंग हीरो की याद में अम्बाला छावनी में भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। शहीद स्मारक में इतिहास को बेहतरीन एवं जीवंत तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा और कोशिश रहेगी कि लोग 2022 से वापस 1857 में पहुंच जाए जब आजादी का बिगुल अम्बाला छावनी से बजा था।  

श्री विज शनिवार दोपहर अम्बाला छावनी में जीटी रोड पर 22 एकड़ भूमि पर बन रहे शहीद स्मारक के निरीक्षण उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इतिहास को स्मारक में लाइव तरीके से दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने हमेशा आजादी की पहली लड़ाई को विद्रोह कहा और इतिहास को दबाने की कोशिश की। मगर, हमारे इतिहासकारों ने खोज-खोजकर बहुत तथ्य निकाले और इतिहास को वह सामने लाए हैं।

उन्होंने कहा कि स्मारक में शेष रह गए कार्य को जल्द पूरा हो जाएगा और इंटीरियर के कार्य के भी आगामी सप्ताह में टेंडर होगा। अनुमान है कि यह जल्द पूरा होगा और पूरे विश्व के लिए जल्द शहीद स्मारक को खोल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान शहीद स्मारक के लिए अलग फीडर व पानी निकासी के मुद्दों पर चर्चा की गई है और इस पर अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि स्मारक में इतिहास को प्रदर्शित करने के लिए इतिहासकारों की जो टीम तैयार की गई है, उसमें अम्बाला के इतिहासकार को भी शामिल करने के लिए पत्र लिखा गया है। इतिहासकार द्वारा एक किताब लिखी गई है जिसमें कई नए तथ्यों को उजागर किया गया है। यह तथ्य एक अंग्रेजी लेखक की किताब से हासिल किए गए थे। उन्होंने कहा कि हमारे पास जो भी जानकारी आएगी उसे स्मारक में प्रदर्शित किया जाएगा। गौरतलब है कि अम्बाला छावनी में 1857 की क्रांति को समर्पित शहीद स्मारक का निर्माण किया जा रहा है।

वहीं, निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधीक्षक अभियंता सुल्तान कौशिक, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता एके रघुवंशी, कार्यकारी अभियंता रितेश अग्रवाल, कार्यकारी अभियंता राज कुमार, कार्यकारी अभियंता रितेश नांदल, कार्यकारी अभियंता रणबीर त्यागी, आर्किटेक्ट रेणू खन्ना, मंडल प्रधान राजीव डिम्पल, सुरेन्द्र तिवारी, दीपक भसीन, परमिंद्र शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

बागवानी के कार्य को लेकर अधिकारियों से चर्चा की

गृह मंत्री अनिल विज ने शहीद स्मारक का निरीक्षण मुख्य एंट्री से आरंभ किया। उन्होंने स्मारक में बागवानी के कार्यों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यहां पर बेहतर व अच्छे किस्म के पौधे लगाए जाए जोकि देखने में बेहतर लगे। एक थीम के हिसाब से उन्होंने पौधे लगाने के निर्देश दिए।

पार्किंग एरिया का कार्य कब तक पूरा होगा, चर्चा की

विज ने मुख्य एंट्री के साथ ही शहीद स्मारक के पार्किंग एरिया को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग एरिया का निर्माण जल्द पूरा किया जाए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि  पार्किंग एरिया में 400 से ज्यादा कारें व कई बसें खड़ी करने का प्रावधान है।

हैलीपैड के लिए तय स्थल का निरीक्षण किया

गृह मंत्री शहीद स्मारक में हैलीपैड के लिए तय किए गए स्थान का भी मुआयना किया और स्वयं जाकर इसे देखा। हैलीपैड के लिए स्मारक के पिछली तरफ जगह निर्धारित की गई है। गृह मंत्री विज ने अधिकारियों ने इस संबंध में चर्चा की और तय किए गए स्थान पर संतुष्टी जताई।

पानी निकासी व फीडर को लेकर प्लान तैयार करने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री विज ने पानी निकासी और बिजली फीडर लगाने को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक 22 एकड़ भूमि पर बन रहा है और ऐसे में यहां पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध होने चाहिए। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों से चर्चा की और साथ ही स्मारक के लिए अलग से बिजली फीडर लगाने पर भी चर्चा की।

म्यूजियम व मेमोरियल टॉवर में निर्माण के कार्यो की जानकारी ली मंत्री विज ने

गृह मंत्री अनिल विज ने स्मारक में म्यूजियम के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर निर्माण कार्यों की जानकारी हासिल की। कहां-कहां कौन क्या-क्या प्रदर्शित किया जाएगा इसके बारे में बारिकी से उन्होंने मुआयना किया। इसके बाद मंत्री ने मेमोरियल टॉवर में निर्माण कार्यों को लेकर जानकारी हासिल की। मंत्री को अधिकारियों ने अवगत कराया कि मेमोरियल टॉवर का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में है और जल्द ही इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा, मंत्री विज ने अन्य कार्यों को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की।