भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की सेवा कार्यों पर चर्चा

समाज की सेवा करने में महिलाओं की भूमिका और अधिक बढ़ें

प्रदेश महिला मोर्चा द्वारा किए सेवा कार्यों की जमकर सराहना

फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम । 
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाति श्रीनिवासन ने कहा है कि राजनीति में महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि समाज की सेवा करने में महिलाओं की भूमिका और अधिक बढ़नी चाहिए।  श्रीमति श्रीनिवासन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े के दौरान गुरुग्राम के भाजपा स्थित प्रदेश कार्यालय गुरुकमल पर महिला मोर्चा की प्रदेश टीम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंची थीं। यहां महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश मोर्चा द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की जमकर सराहना भी की। इस मौके पर मोर्चा प्रभारी एवं विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव, मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान, प्रदेश सचिव एवं गुरुग्राम जिला प्रभारी अलिशा तोमर, मोर्चा जिलाध्यक्ष सुंदरी खत्री आदि मोर्चा की अनेक पदाधिकारी भी उनके साथ उपस्थित रहीं।

योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा
भाजपा महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले गुरुकमल कार्यालय में पहुंचकर यहां प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और अंबेडकर सभागार में प्रदेश की टीम से चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीति में बड़ी भागीदारी है तथा उन्हें सूझ-बूझ और पार्टी की नीतियों पर चलते हुए कार्य करने चाहिए ताकि समाज और संगठन का भला हो सके। श्रीमती श्रीनिवासन ने यहां सभी को बताया कि कैसे ज्यादा से ज्यादा जनसंपर्क अभियान चलाकर हम ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को संगठन के साथ जोड़कर समाज सेवा के लिए प्रेरित कर सकते हैं।  उन्होंने कहा कि समाज के हित में  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए सबको मिलकर योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा, ताकि वास्तविक लाभार्थी को लाभ पहुंच सके। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सेवा पखवाड़े के निमित्त चल रहे आदर्श आंगनवाड़ी कार्यक्रम को भी गति देने की बात कही तथा इसी क्रम में कार्यक्रम में उपस्थित गर्भवती स्त्रियों को पोषक खाद्य सामग्री भी भेंट की।

मन की बात राष्ट्रीय अध्यक्षा के सामने रखी
मोर्चा प्रभारी संतोष यादव ने भी कहा कि प्रदेश महिला मोर्चा, प्रदेश अध्यक्षा सुमित्रा चौहान के नेतृत्व में समाजहित के कार्यों में जुटा हुआ है और सेवा पखवाड़े के दौरान मोर्चा द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय है। मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने भी प्रदेश मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों की योजना को राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखा। राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने बीच पाकर गुरुग्राम महिला मोर्चा की टीम में भी खासा उत्साह रहा। चाय पर चर्चा के दौरान जिला टीम और प्रदेश टीम की पदाधिकारियों ने भी अपने मन की बात राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखी। इस दौरान महिला मोर्चा की स्थानीय टीम द्वारा चलाए जा रहे पोषण अभियान की भी सराहना मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की। गुरुग्राम महिला मोर्चा प्रभारी अलीशा तोमर ने बताया कि जिला अध्यक्ष सुंदरी खत्री के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला एवं मंडल महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।