मुख्यमंत्री ने पंचकूला स्थित हरियाणा पुलिस मुख्यालय में ली प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक

चंडीगढ़, 8 सितंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश की जनता को किसी प्रकार की तकलीफ न हो, सरकार का यही मूल उद्देश्य है। मुख्यमंत्री गुरुवार को पंचकूला स्थित हरियाणा पुलिस मुख्यालय में प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर की गई समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की है। इसमें प्रदेश की कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार विमर्श किया गया। इसमें फोन कॉल के माध्यम से फिरौती मांगने की घटनाओं, अवैध हथियारों पर रोक, नशे की डिमांड और सप्लाई पर पूरी तरह से रोक लगाने आदि के विषयों पर चर्चा की गई। इन सभी विषयों पर समयबद्ध तरीके से काबू करने के निर्देश दिए हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के इन्फ्रास्ट्रक्चर पर भी विचार किया गया है। जहां-जहां पुलिस  इन्फ्रास्ट्रक्चर की जरुरत है या इसमें कमी है, उसे दूर किया जाएगा। इसके अलावा पुलिसकर्मियों की भर्ती से जुड़े विषय पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय-समय पर पुलिस विभाग की इस तरह की समीक्षा बैठक की जाती है।

रोडवेज चालक के हत्यारों पर की जाएगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि सोनीपत में रोडवेज चालक की हत्या बेहद दुखद है। चालक के हत्यारों पर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है। विभाग द्वारा चालक के परिवार को सहायता देने के निर्देश दे दिए गए हैं। मृतक ड्राइवर के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की बात भी कही है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों पर कार्रवाई करेगी। 

You May Have Missed

error: Content is protected !!