कुलपति प्रो. बी.आर.काम्बोज ने दी बधाई

हिसार: 8 सितम्बर – चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय का 22 सदस्यीय पर्वतारोही दल लद्दाख क्षेत्र की मारखा घाटी में स्थित माउंट कांग यात्से (20570 फुट) की सफलतापूर्वक चढ़ाई कर लौटा है। इस दल के वापस लौटने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर.काम्बोज ने स्वागत किया और इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए दल के सदस्यों के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा यह अत्यंत गर्व का विषय है कि चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय पर्वतारोहण क्लब के 52 साल के इतिहास में पहली बार इस दल ने सबसे ऊंची चोटी को फतेह किया है।

छात्र कल्याण निदेशक डॉ. अतुल ढीगंड़ा ने भी छात्रों की इस उपलब्धि की प्रशंसा की। उन्होंने कहा पर्वतारोहण जैसे खेलों से होने वाले शारीरिक और मानसिक विकास से दल के इन सदस्यों को आने वाले जीवन में बहुत लाभ मिलेगा। उन्होंने ऐसी गतिविधियों को भविष्य में और जोर शोर से जारी रखने का छात्रों से आह्वान किया।

दल का नेतृत्व कर रहे क्लब के अध्यक्ष डॉ. मुकेश सैनी ने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों के 20 छात्र-छात्राओं के इस दल ने लद्दाख क्षेत्र में 55 कि.मी. की पैदल चढ़ाई की और इस पर्वत के बेस कैंप पर पहुंचा। इस दौरान विद्यार्थियों ने रास्ते में आने वाले विभिन्न गांव जैसे कि स्कीऊ, सारा, मारखा, हांकर, ओमलिंग, थोचुंगसे, नीमालिंग के लोगों की जीवन शैली, कृषि एवं व्यवसाय, जैविक एवं पौध विविधता के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने बताया इस दल ने रात 11:00 बजे चढ़ाई शुरू की और माइनस 10 डिग्री तापमान के बीच लगातार 13 घंटे चढ़ाई करके बेस कैंप से 1100 मीटर ऊपर स्थित चोटी फतेह की और वापस लौटा। वापसी के दौरान इस दल ने कांगोमारू पास (17060 फीट) पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई की।

इस अवसर पर बेसिक साइंस कॉलेज के डीन डॉ. नीरज कुमार, मीडिया एडवाइज़र डॉ. संदीप आर्य आदि उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!