हिसार :  16 अगस्त – शहीदों के सपनों का भारत तभी बन सकता है जब हम सब मिलकर प्रयास करेंगे और समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करके देश को विश्व गुरू के रूप में स्थापित करेंगे। ये विचार चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.बी.आर. काम्बोज ने व्यक्त किए। वे विश्वविद्यालय के कैंपस स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।

उन्होंने करतल ध्वनि के बीच तिरंगा फहराया और देश को स्वतंत्रता दिलाने में अपने प्राणों की आहूति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा उनके बलिदानों की बदौलत ही हम आज सकून से जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा हमें उन शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर देशहित को सर्वोपरि मानते हुए इसकी उन्नति और विकास के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करके इसे विश्वगुरू के रूप में स्थापित करना चाहिए। यह उन वीर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कुलपति ने कहा देश को युवा पीढ़ी से बहुत अपेक्षाएं हैं। उन्हे शिक्षा व तकनीकी ज्ञान देकर भविष्य के लिए तैयार करना होगा। इस मौके पर उन्होंने आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान में विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और विद्यार्थियों द्वारा दिए गए योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने देश के कृषि विकास में इस विश्वविद्यालय के योगदान का भी उल्लेख किया और बताया कि यह विश्वविद्यालय कृषि शिक्षा, अनुसंधान व विस्तार के क्षेत्रों में देश की वर्तमान व भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। इससे पूर्व उन्होंने कैंपस स्कूल प्रांगण में पौधारोपण किया। इस अवसर पर कैंपस स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से सराबोर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उन्होंने समूहगान, कविता, लघु नाटिका व समूह नृत्य के माध्यम से देशभक्ति की भावना व्यक्त की।

इससे पूर्व कैम्पस स्कूल के कंट्रोलिंंग ऑफिसर डॉ. राजबीर सिंह ने समारोह में उपस्थित हुए विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों का स्वागत किया जबकि कैंपस स्कूल के प्राचार्य श्री सोमा सेखरा सर्मा ने समारोह के अंत में धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित किया।

error: Content is protected !!