हरियाणा निश्चित रूप से देश का पहला ऐसा राज्य बनेगाजिसके हर घरहर सरकारी कार्यालयनिजी भवनों स्कूलों और व्यवसायिक संस्थानों पर झंडा फहराया जाएगा

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कीइस अभियान को जन अभियान‘ बनाने के मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठ कर इस राष्ट्रीय पर्व में भाग लें – मनोहर लाल

चंडीगढ़, 16 जुलाई – हरियाणा निश्चित रूप से देश का पहला ऐसा राज्य बनेगा, जिसके हर घर, हर सरकारी कार्यालय, निजी भवनों स्कूलों और व्यवसायिक संस्थानों पर झंडा फहराया जाएगा। भारत की स्वतंत्रता प्राप्ति के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 13, 14 व 15 अगस्त को हरियाणा तीन रंगों में रंगा नजर आएगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने इस अभियान के संबंध में प्रशासनिक सचिवों, जिला उपायुक्तों और कुलपतियों के साथ आज यहां वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्हें हर जिले में तिरंगे की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ नागरिकों में देशभक्ति की भावना को जागृत करने की परिकल्पना के साथ शुरू किया गया हर घर तिरंगा एक अनूठा अभियान है। इसलिए हरियाणा को इसमें एक महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। 

उन्होंने गैर सरकारी संगठनों और सामाजिक संगठनों से उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा प्रत्येक नागरिक के लिए विशेष महत्व रखता है, इसलिए अधिकतम भागीदारी अपेक्षित है।

श्री मनोहर लाल ने निर्देश दिए कि गैर सरकारी संगठनों, नागरिकों और अन्य सामाजिक संगठनों के लिए तिरंगे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन जागरूकता के लिए व्यापक आईईसी गतिविधियों को शुरू करने के निर्देश दिए । मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी हमें रातों-रात नहीं मिली है, कई बलिदानों के बाद हमने इसे अर्जित किया है। इसलिए इस अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। यह अभियान केवल घरों पर तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि वाहनों पर भी तिरंगा लगाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। इस अभियान को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाना चाहिए।

इस अभियान में राष्ट्र सबसे पहले‘ मंत्र के साथ अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें

राज्य के लोगों, विशेषकर युवाओं से इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान करते हुए श्री मनोहर लाल ने कहा कि हर हरियाणवी को ‘राष्ट्र पहले, हमेशा पहले’ मंत्र के साथ आगे बढ़ना है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान निश्चित रूप से देश विरोधी गतिविधियां फैलाने वालों को भी कड़ा संदेश देने में अहम कदम साबित होगा।

राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठ कर इस राष्ट्रीय पर्व में भाग लें

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक नेता इस राष्ट्रीय पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे ।  राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठते हुए प्रत्येक राजनीतिक दल को इस अभियान में भाग लेना चाहिए।

उन्होंने उपायुक्तों को इस अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, जिला परिषदों आदि के साथ बैठकें करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस पूरे अभियान के दौरान तिरंगे का सम्मान करना सभी का परम कर्तव्य है ।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों की एक नोडल टीम भी गठित की जाए।  घर-घर जाकर तिरंगे के वितरण में राजनीतिक संस्थाओं को भी शामिल किया जाना चाहिए।

मैराथन या रैलियों से जनता के बीच माहौल बनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता में माहौल बनाने के लिए ‘हर घर तिरंगा अभियान’ से एक सप्ताह पहले मैराथन और साइकिल रैलियों जैसी विभिन्न गतिविधियों की योजना बनाई जानी चाहिए। इस अभियान को जन आंदोलन बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि उपायुक्त को तिरंगे की घर-घर आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपने-अपने जिलों में झंडे की जरूरत के हिसाब से लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।

इस अभियान के लिए विकसित किया जाए पोर्टल

उन्होंने कहा कि एक पोर्टल विकसित किया जाएगा और इस अभियान से संबंधित सभी जानकारी इस पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।  सरकारी कार्यालय और गैर सरकारी संगठन भी झंडे के बारे में अपनी आवश्यकताओं को अपलोड करेंगे। पूरे हरियाणा में हर घर में झंडे के वितरण और फहराने के लिए घर-घर जाने के लिए टीमें भी गठित की जाएं ।

यह एक राष्ट्रीय पर्वदेशप्रेम की भावना से फहराये तिरंगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे अभियान को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाना चाहिए और देशप्रेम की भावना से तिरंगा फहराये। प्रत्येक कुलपति को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस अभियान के पहले और उसके दौरान प्रत्येक विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बनाया जाए।  इसके अलावा, छात्रों को भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ अमित अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार इस अभियान को सफल बनाने के लिए अथक प्रयास कर रही है और लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सूचना जनसंपर्क और भाषा विभाग ने राज्य सरकार की वेबसाइटों और सोशल मीडिया हैंडल का उपयोग करके जागरूकता पैदा करने के लिए एक विस्तृत कार्यक्रम की योजना बनाई है।

error: Content is protected !!