एचएयू में पर्यावरण दिवस पर किया पौधारोपण

हिसार : 5 जून – पर्यावरण की रक्षा करना हम सबका नैतिक कर्तव्य है क्योंकि सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त पर्यावरण के बिना स्वस्थ समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए हर व्यक्ति को ज्यादा से ज्यादा पेड़ जरूर लगाने चाहिए और उनकी देखरेख की भी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। ये विचार चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय के मौलिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय की ओर से  आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में व्यक्त किए। कुलपति ने कहा कि विकास और आधुनिकता की दौड़ में मनुष्य द्वारा प्राकृतिक संसाधनों का अत्याधिक दोहन किया जा रहा है। इसमें पेड़ों की कटाई से लेकर घने जंगलों को सपाट बनाने का काम किया जा रहा है। हर साल बड़ी संख्या में पेड़ काटे जा रहे हैं जो कि पर्यावरण के लिए घातक हैं। ऐसे में विश्व पर्यावरण दिवस हमें इन सब कार्यों के दुष्प्रभावों के बारे में बताने और पर्यावरण के प्रति जागरूक करता है। उन्होंने कहा हमें केवल पर्यावरण दिवस पर ही नहीं अपितु प्रत्येक विशेष मौके पर पौधारोपण करना चाहिए।

प्रो. काम्बोज ने कहा कि हृदयघात, श्वसन संबंधी बीमारियों, फेफड़ों के कैंसर के कारण होने वाली कुल मौतों में से एक तिहाई के लिए वायु प्रदूषण जि़म्मेदार है। वायु प्रदूषण जलवायु को प्रमुखता से प्रभावित करता है जिसका दुष्प्रभाव संपूर्ण पृथ्वी की कार्यप्रणाली पर परिलक्षित होता है। उन्होंने किसानों से जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया तथा कहा कृषि और इससे जुड़े कार्यों से ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन को कम करके हम वातावरण को प्रदूषित होने से बचा सकेंगे। कुलपति ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए शुद्ध हवा, पानी व भोजन बहुत आवश्यक होते हैं, जो पर्यावरण संरक्षण  द्वारा ही संभव है। उन्होंने कहा ग्रीन गैसों के अत्याधिक उत्सर्जन से तापमान व वर्षा की प्रवृति में बदलाव के चलते सिर्फ खेती ही प्रभावित नहीं हो रही बल्कि इसका राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा पर भी प्रभाव देखने को मिल सकता है। इस मौके पर कुलपति ने उपरोक्त महाविद्यालय परिसर में अमलतास का पौधा रोपित किया।

इस मौके पर मौलिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. नीरज कुमार ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर सभी को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए संकल्प लेना चाहिए और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर रहना चाहिए। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की भूदृश्य संरचना इकाई के सहयोग से आयोजित किया गया था जिसमें विश्वविद्यालय के अधिष्ठाताओं, निदेशकों, विभागाध्यक्षों  व विद्यार्थियों ने भाग लेकर पौधारोपण किया।

भाषण व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित
उधर विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशालय द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में यंग जनरलिज्म सेल  द्वारा भाषण प्रतियोगिता व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में रोहन ने प्रथम, रिंकी ने द्वितीय तथा योगिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सौरभ, प्रीति व तान्या ने प्रथम, आदित्य, रिया व ममता ने द्वितीय स्थान जबकि निकिता, विधि व रिंकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन सभी  विजेताओं को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।

error: Content is protected !!