उत्सव गार्डन में हुई आठ वर्ष कार्यक्रम की समीक्षा बैठक

भारत सारथी/ कौशिक

नारनौल। भारत के गौरव की गाथा आज पूरे विश्व में सुनाई पड़ रही है और इसी कारण विश्व की महाशक्तियां भी भारत की कूटनीति का लोहा मान रही है। यह बात रविवार को जनसेवा के आठ वर्ष कार्यक्रम की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन मंत्री रविंद्र रज्जू ने कही।

स्थानीय कुलतापुर रोड स्थित उत्सव गार्डन में मंत्री रविंद्र रज्जू ने कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश के अंदर जनसेवा के आठ वर्ष पूर्ण होने पर एक सौं लोगों से संपर्क अभियान चलकार भाजपा कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 26 मई को स्पेशल महाअभियान के अंतर्गत तीन घंटा सुबह व तीन घंटा शाम को जनप्रतिनिधि प्रदेश पदाधिकारी मोर्चा के अध्यक्ष और जिले के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर संपर्क अभियान करेंगे।

प्रदेश संगठन मंत्री ने अनेक संगठनात्मक विषय पर चर्चा करते हुए संगठन को कैसे मजबूत करना है इस पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि रूस व यूक्रेन युद्ध में पूरा विश्व भारत की ओर टकटकी लगाकर बैठा हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने छात्रों के साथ अन्य देशों के छात्रों को भी सुरक्षित निकालकर दुनिया में अपनी बढ़ती ताकत का एहसास करवाया है।

उन्होंने कहा कि मोदी जी के कार्यकाल में विकास के नए नए आयाम स्थापित हुए हैं और देश आए दिन नई बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन व रूस के युद्घ में बड़े-बड़े शक्तिशाली देशों में पैट्रोल पांच सौ रुपए लीटर हो गया और बहुत से देशों में इसकी किल्लत हो रही है ऐसे में हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल ही पट्रोल नौ रुपए सस्ता कर दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई मुकाबला नहीं है और उनके बारे में जो भविष्यवाणी की गई थी वह भी अब सच साबित होती जा रही है क्योंकि उन्होंने पूरे विश्व में आज भारत देश का डंका बजा रखा है।

पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी की सेवा के साल हुए आठ, विकास व राष्टï्र गौरव के हुए ठाठ से पूरा देश खुश है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ प्रदेश में पार्टी का विस्तार करने में जुटे है जिसमें हम सभी का समर्पण भाव के साथ कार्य करना अति आवश्यक है।

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आठ साल पूर्ण होने पर किए गए विकास कार्यों की कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर बैठक में पहुंचे सभी वरिष्ठ नेताओं का जिला प्रधान राकेश शर्मा एडवोकेट ने बुक्का भेंट कर स्वागत किया। जिला प्रधान ने बैठकको संबोधित करते हुए कहा कि इस गर्मी के मौसम में भी हमारे कार्यकर्ता सौ से संपर्क अभियान को सफल बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह को देखते हुए जिला महेंद्रगढ़ में यह महासंपर्क अभियान जबरदस्त सफलता प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को समर्पित केंद्र सरकार द्वारा जनसेवा के  आठ वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य में इस माह संपर्क अभियान का आगाज किया गया जिसे जनता का संपूर्ण सहयोग मिल रहा है।

बैैठक को प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष यादव, नांगल चौधरी विधायक डा. अभयसिंह यादव, अटेली विधायक सीताराम यादव, जिला प्रभारी विजयपाल आलुवालिया, प्रदेश मंत्री मनीष मित्तल तथा प्रदेश प्रवक्ता सत्यव्रत शास्त्री आदि ने भी संबोधित किया। बैठक में पहुंचे भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जनसेवा के आठ वर्ष कार्यक्रम को पूरे जोश के साथ घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया।

error: Content is protected !!