गुरुग्राम। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा के महासचिव डीआर शर्मा ने कहा कि अधिक से अधिक लोग रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य बनकर समाजसेवा के क्षेत्र में आगे आएं। अपने लिए सभी जीते हैं, लेकिन समाज के लिए जीना रेडक्रॉस सोसायटी सिखाती है। यह बात उन्होंने अरुण शर्मा को रेडक्रॉस सोसायटी के आजीवन सदस्यता का प्रमाण पत्र देते हुए कही।

 डीआर शर्मा ने कहा कि आजीवन सदस्य समाजसेवा के क्षेत्र में सदा आगे रहें, ऐसी उन्हें प्रेरणा दी जाती है। समय-समय पर उनकी सेवाएं ली जाती हैं। किसी भी आपदा के समय भी सेवाएं देने के लिए रेडक्रॉस से जुड़े सदस्यों को ही प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा के लिए बनी रेडक्रॉस सोसायटी सदा ही जनसेवा के क्षेत्र में अग्रणी रहेगी। रेडक्रॉस का प्रतीक चिन्ह हमें जिम्मेदारियों का अहसास कराता रहता है। चाहे कोई युद्ध हो या फिर कोई प्राकृतिक आपदा, घायलों को संभालने के लिए रेडक्रॉस ही आगे रहता है। विश्व स्तर पर रेडक्रॉस काम करती है। पिछले कई दिनों से चल रहे रूस-यूक्रेन के युद्ध में भी रेडक्रॉस अपनी भूमिका निभा रहा है। रेडक्रॉस से जुड़े वालंटियर वहां पर घायलों की मदद को पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस से जुडऩा अपने आप में सम्मान की बात है। हमें अपने बच्चों को बचपन से ही ऐसी सेवा भावना पैदा करनी चाहिए। रेडक्रॉस सचिव विकास कुमार ने कहा कि रेडक्रॉस संस्था समाजसेवा का दूसरा नाम है। इसके माध्यम से हर वंचित वर्ग, व्यक्ति को सेवाएं दी जाती है। कोरोना महामारी में जो काम रेडक्रॉस ने किया है, वह अनुकरणीय है। हर आपदा, समस्या में रेडक्रॉस खड़ी रहती है।

error: Content is protected !!