वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक

कुरुक्षेत्र :- कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान तथा रक्षा एवं रणनीति अध्ययन के विभागाध्यक्ष तथा डीन सोशल साइंसेज रहे प्रोफेसर राजवीर सिंह यादव को भारतीय राजनीति विज्ञान संघ द्वारा वर्ष 2020 के वरिष्ठ राष्ट्रीय राजनीति वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मेघालय विज्ञान एवं तकनीकी विश्वविद्यालय में आयोजित संघ के 59 वें अखिल भारतीय राजनीति विज्ञान सम्मेलन में प्रोफेसर राजवीर सिंह यादव को यह पुरस्कार मिला। इस अवसर पर उन्हें जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की प्रथम महिला कुलपति प्रोफेसर शांतिश्री धुलीपुड़ी पंडित ने सम्मान पत्र से सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर शांतिश्री पंडित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की कुलपति होने के साथ-साथ अखिल भारतीय राजनीति संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रोफ़ेसर यादव कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के साथ-साथ पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के भी छात्र रहे हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से प्रोफेसर यादव ने इतिहास विषय में स्वर्ण पदक भी प्राप्त किया।

इसके अलावा उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने के साथ-साथ रूसी भाषा में सर्टिफिकेट कोर्स भी किया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में अपनी सेवाएं देने के बाद वर्तमान में वे लाडनूं राजस्थान की जैन विश्व भारती विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एमिरेट्स के रूप में कार्य कर रहे हैं।

बता दें की सम्मान लगभग चार दशक तक राजनीति विज्ञान विषय के पठन, पाठन और विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए दिया गया है। प्रोफ़ेसर यादव ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति और भारतीय विदेश नीति पर 84 से अधिक शोधपत्रों के प्रकाशन के साथ 8 पुस्तकों का भी लेखन किया है। उनकी भारत की विदेश नीति नामक पुस्तक पूरे भारत के हिंदी भाषी क्षेत्र और विशेषकर सिविल सेवा के प्रतिभागियों के बीच में अत्यंत लोकप्रिय है। अभी हाल ही में प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन पियर्सन द्वारा प्रकाशित उनकी पुस्तक इंडियाज फॉरेन पालिसी : पोस्ट कोल्ड वॉर इयर्स, को भी पाठकों ने और विद्यार्थियों ने अत्यंत सराहा है।

गौरतलब है कि भारतीय राजनीति विज्ञान संघ की स्थापना 1938 में भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय के मार्गदर्शन में वाराणसी में की गई थी। पिछले लगभग 83 साल से संगठन के द्वारा वार्षिक रूप से अखिल भारतीय राजनीति विज्ञान सम्मेलन का निरंतर और निर्बाध रूप से आयोजन किया जाता रहा है। वर्तमान में इस संगठन से भारत तथा विश्व के बहुत से विश्वविद्यालय तथा राजनीति वैज्ञानिक जुड़े हैं। संगठन के द्वारा राजनीति विज्ञान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर हिंदी और अंग्रेजी भाषा में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शोध पत्रिका का प्रकाशन भी किया जाता है।

59 वें अखिल भारतीय राजनीति विज्ञान सम्मेलन में प्रोफेसर राजवीर सिंह यादव को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की प्रथम महिला कुलपति प्रोफेसर शांतिश्री धुलीपुड़ी पंडित ने सम्मान पत्र से सम्मानित किया।

error: Content is protected !!