काग्रेस पार्टी आम आदमी की है, भाजपा अपनी जहरीली बातों से लोगों को भड़काकर बांटने की कोशिश करती है : कुमारी सैलजा

हांसी ,11  फरवरी । मनमोहन शर्मा

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष और पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की स्टार प्रचारक कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान द्वारा पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी जी को मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार घोषित करना इस बात को दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी आम जनता की पार्टी है। एक सामान्य परिवार का व्यक्ति भी कांग्रेस पार्टी में महत्त्वपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी किसानों, मजदूरों, वंचितों आदि के हितों को ध्यान में रखकर हर फैसला लेती है। इसलिए कांग्रेस का हर फैसला आम जनता के हक में होता है।

यह बातें कुमारी सैलजा ने गुरुवार को पंजाब की डेरा बस्सी विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दीपिंदर सिंह ढिल्लो के समर्थन में गांव उंटाला और गांव जड़ौत में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कहीं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए चरणजीत सिंह चन्नी जी ने आम जनता के लिए कल्याणकारी कार्य किए हैं। चाहे वो बिजली बिल माफ करना हो, पानी का बिल माफ करना हो या फिर बढ़ती हुई महंगाई में पेट्रोल-डीजल की कीमत कम करके आम जनता को राहत देना। ये सभी कार्य पंजाब की प्रगति के लिए किए गए ताकि पंजाब के गरीब वर्ग, किसान, मजदूर आगे बढ़ सकें। कांग्रेस की सरकार बनने से पंजाब के हर क्षेत्र में खुशहाली आई है और यहाँ की जनता एक बार फिर पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाकर पंजाब को और खुशहाल बनाने के लिए तैयार है। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों को मुआवजा दिया है और इसके साथ ही उनके परिवारजनों को सरकारी नौकरी भी दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने गरीबों के 50 हजार तक के ऋण भी माफ किए हैं। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि डेरा बस्सी के लिए दीपिंदर सिंह ढिल्लो जी एक प्रबल उम्मीदवार हैं। इन्होंने कभी भी जनता की सेवा करने में कभी कोई कसर नहीं छोड़ी। इन्होंने हमेशा ही लोगों के बीच में रहकर उनकी हर संभव सहायता की है इसलिए इन्होंने लोगों के दिल में जगह बनाई है। डेरा बस्सी विधानसभा क्षेत्र की पूरी जनता का यह कर्तव्य बनता है कि ढिल्लो जी को विजयी बनाकर सिर्फ इस क्षेत्र को ही नहीं बल्कि पूरे पंजाब को तरक्की की ओर आगे बढ़ाएं।

केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सदन से लेकर लोगों के बीच तक जिस तरह से बात करती है, वह तानाशाही को दर्शाता है। भाजपा और इसके सभी समर्थक किसान-विरोधी, गरीब-विरोधी और मजदूर विरोधी हैं। इनसे किसी भी तरह की उम्मीद रखना व्यर्थ है। कृषि कानूनों को वापस भी तब लिया गया जब किसानों और मजदूरों का दबाव बढ़ा। भाजपा अपनी जहरीली बातों से लोगों को भड़काकर उन्हें बांटने की कोशिश करती है। भाजपा लोगों के धर्म के नाम पर राजनीति करके उनके विश्वास के साथ खेलने का काम करती है। भाजपा और उसके समर्थकों के कारण ही हमेशा अव्वल रहने वाले पंजाब में नशीले पदार्थों की आवक हुई। लेकिन कांग्रेस ने दोबारा से युवाओं और आने वाली नस्ल को सही रास्ते पर लाने का काम किया। कांग्रेस ने साबित किया है कि वह इन सब मामलों के प्रति गंभीर है। साफ नीयत और लोगों के साथ से कोई भी कार्य कठिन नहीं होता और कांग्रेस ने इसी को अपना आधार बनाकर पंजाब को एक बार फिर खुशहाल बनाया है। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि दिल्ली से कुछ लोग यहाँ आकर जनता से वोट मांग रहे हैं, जबकि दिल्ली का हश्र सभी के सामने है। वहाँ का ज्यादातर बजट सिर्फ विज्ञापनों में खर्च हो रहा है। ये लोग गरीब लोगों को सिर्फ गुमराह करने का काम कर रहे हैं। ये सभी पार्टियां एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी आम जनता की पार्टी है और इसी कारण यह पंजाब के लिए पंजाब की जनता के लिए सबसे सही विकल्प है। पंजाबियत, पंजाब के लोग, गरीब, मजदूर, दलित वर्ग के लोगों के सामने आज उनके अस्तित्व का सवाल है। पंजाब के हर घर के वोट को आगे बढ़कर और एक साथ मिलकर यह लड़ाई लड़नी है। 

कुमारी सैलजा ने डेरा बस्सी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी दीपिंदर सिंह ढिल्लो को भारी बहुमतों से विजयी बनाने का अनुरोध किया। पंजाब में कांग्रेस पार्टी की लहर चल रही है, कांग्रेस पार्टी पंजाब में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। कांग्रेस पार्टी अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी और सरकार बनाएगी।

इस दौरान डेराबस्सी से कांग्रेस उम्मीदवार दीपिंद्र सिंह ढिल्लो के पुत्र और पंजाब युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव उदयवीर सिंह ढिल्लो, हरियाणा से कांग्रेस विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक शैली चौधरी, विधायक रेणु बाला, पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन, पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, सुधा भारद्वाज, पूनम चौहान, उपेंद्र कौर, मनवीर कौर गिल, किरण बाला, राजू मान, रोहित जैन, प्रियंका हुड्डा, सुनीता, राजेश पुरखासिया, रश्मि शर्मा, गौरी, कमलेश शर्मा, परमजीत, सोनिया, मिथुन वर्मा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!