भारत को सबसे बड़ा लोकतंत्र बनाना पंडित नेहरू की देन : चौधरी आफ़ताब अहमद

नूँह ,14 नवंबर – जिला कांग्रेस मुख्यालय नूँह पर स्थानीय विधायक व हरियाणा कांग्रेस विधायक दल उप नेता चौधरी आफ़ताब अहमद  की अध्यक्षता में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को उनकी जयंती पर खिराजे अक़ीदत पेश की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारीयों ने नेहरू को याद किया।

चौधरी आफ़ताब अहमद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि  पंडित नेहरू ने जो भूमिका निभाई उसके लिए देश और दुनिया  हमेशा उनका अहसानमंद रहेगी। भारत के हर नागरिक को पंडित नेहरू के बारे में पढ़ना चाहिए और हाँ व्हाट्सप्प यूनिवर्सिटी से नहीं बल्कि इतिहास की अच्छी किताबों से।

विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि पंडित जी ने जो पंचवर्षीय योजनाएँ बनाईं उसके नतीजे शानदार रहे। भाखड़ा नांगल बाँध, रिहंद बाँध, भिलाई, बोकारो इस्पात कारख़ाना, आईआईटी, आईआईएम, यू जी सी आदि का निर्माण और आधारशिला भारत को विकासशील देशों में खड़ा कर रहे थे। पंडित  नेहरू ने आज़ादी के बाद कृषि क्षेत्र में भी उत्पादन बढ़ाने के लिए काम किया, हरित क्रांति, दूध क्रांति लाई गई जिससे किसानों को लाभ हुआ।

नूँह विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि  भारत में एक मजबूत लोकतंत्र खड़ा करना नेहरू जी को पूरी दुनिया में खास बनाता है आज उसी लोकतंत्र को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहा जाता है। उनकी लोकतंत्र में गहरी आस्था थी,  उनके पूरे स्वभाव में गहरी  शालीनता और गरिमा थी।

नूँह विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि जहाँ तक विश्व पटल की बात है, जो प्रभाव दुनिया पर नेहरू का रहा वो किसी भी प्रधानमंत्री का नहीं रहा है। जब पूरा विश्व दो खेमों में बट गया था तब  गुट निरपेक्ष आंदोलन में उनका योगदान हमेशा याद किया जाता रहेगा। उनका मानना था कि हमें एक ऐसी भावना फैलानी पड़ेगी जिससे पूरी दुनिया एक परिवार के रूप में मानी जाए।

नेहरू भारत को धर्मनिरपेक्ष बनाने वालों की सूची में अग्रणी थे, उनका मानना था कि भारत में सभी धर्मों के मानने वाले लोग रहते हैं तो सभी धर्मों को एक समान रखा गया और उन्होंने भारतीय संविधान धर्म निरपेक्षता के सम्बन्ध में ऐसे प्रावधान शामिल कराये ताकि हर मजहब के लोग भारत के विकास में अपनी भूमिका अदा कर सकें।

वहीं पीसीसी सदस्य चौधरी महताब अहमद ने कहा कि पंडित नेहरू ने अपना सारा जीवन भारत की आज़ादी और विकास के लिए समर्पित किया जिसकी वजह से आज भी उनके विचार गहरे मायने रखते हैं।

सी एल पी उप नेता आफ़ताब अहमद ने कहा  कि ‘डिस्कवरी ऑफ़ इंडिया’ यानी भारत की खोज और ‘ग्लिम्पसेस ऑफ़ द वर्ल्ड हिस्ट्री’ यानी विश्व इतिहास की झलक उनकी ऐसी अदभुत किताबें हैं जो छात्रों के  पाठ्यक्रम में शामिल की जानी चाहिए।

इस दौरान मेवात कांग्रेस की सभी अग्रणी इकाईयों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Previous post

पंडित शिव चरण लाल शर्मा की जयंती के उपलक्ष में 20 ऑक्सीजन सिलेंडर जनता के हितों के लिए समर्पित किए

Next post

वृद्ध बेसहारा व गरीब लोगों के बीच किसान मोर्चा जिला महामंत्री मुकेश जेलदार ने मनाया जन्मदिन।

You May Have Missed

error: Content is protected !!