ऐलनाबाद में सोमवार से शुरू होंगी भाजपा की रैलियां
भाजपा-जजपा के प्रदेशाध्यक्ष करेंगे पहली रैली

सिरसा। ऐलनाबाद उपचुनाव का प्रचार अब धीरे-धीरे तेजी पकड़ रहा है। विपक्षी राजनीतिक पार्टियां जहां अभी पूरी तरह से बिखरे हुए हैं वहीं सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी गठबंधन सोमवार से प्रचार अभियान को नया मोड़ देने जा रहा है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ तथा जननायक जनता पार्टी के अध्यक्ष निशान सिंह सोमवार को यहां पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले दोनों राजनीतिक दलों के प्रदेशाध्यक्ष पार्टी प्रत्याशी गोविंद कांडा के नामांकन के समय ही यहां आए थे।

लनाबाद का चुनावी माहौल अब धीरे-धीरे बदल रहा है। विपक्षी राजनीतिक दल कांग्रेस जहां पूरी तरह से गुटबाजी का शिकार है और कांग्रेस का प्रत्याशी अलग-थलग पड़ गया है, वहीं ऐलनाबाद हलके के लोग इनेलो प्रत्याशी से जब विकास कार्यों का हिसाब मांग रहे हैं तो उसके पास बताने के लिए कुछ नहीं है।

इसके उलट विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भाजपा प्रत्याशी गोविंद कांडा अब तक करीब 35 गांवों में जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा सरकार के मंत्रियों के चुनावी रण में उतरने से पहले उनके लिए मैदान तैयार करने हेतु भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ सोमवार से ऐलनाबाद में आ रहे हैं। जिस तरह से धनखड़ ने बूथ स्तर का संगठन मजबूती के साथ खड़ा किया है, उससे यह तय है कि इस रैली के बाद भाजपा-जजपा प्रत्याशी की स्थिति और मजबूत होगी।

धनखड़ ऐलनाबाद के गांव कागदाना में पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ सहयोगी पार्टी जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह भी होंगे। इसके अलावा भाजपा के चुनाव प्रभारी एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला,सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल,जजपा के वरिष्ठ नेता दिग्विजय चौटाला भी इस रैली में मौजूद रहेंगे। चुनाव प्रभारी सुभाष बराला ने भी इस रैली की सफलता के लिए अपनी रणनीति पुख्ता कर ली है।

ऐलनाबाद के चुनावी रण में भाजपा जिस माइक्रो मैनेजमेंट के माध्यम से काम कर रही है, उसमें सोमवार का आयोजन अहम भूमिका निभाएगा। क्योंकि ओम प्रकाश धनखड़ तथा निशान सिंह यहां संयुक्त दौरा करके इलाका निवासियों को भाजपा के समर्थन में लामबंद करेंगे। धनखड़ तथा निशान सिंह के दौरे को 20 अक्टूबर के बाद शुरू होने वाले मुख्यमंत्री के दौरे के साथ जोडक़र देखा जा रहा है। सीएम के यहां आने से पहले धनखड़ अपने राजनीतिक अनुभव के आधार पर ग्रांउड तैयार करेंगे।

संगठन का खंगालने के बाद अब ऐलनाबाद में झौंका

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने हरियाणा में न केवल 40 साल बाद पहली बार प्रदेश परिषद की बैठक का आयोजन किया है बल्कि इतने बड़े स्तर पर संगठन को खड़ा करने वाले भी धनखड़ पहले अध्यक्ष हैं। पिछले कई माह से संगठन को धार देने के बाद अब उन्होंने सोमवार से संगठन के नेताओं को ऐलनाबाद में उतार दिया है। ऐलनाबाद में संगठन के जिन नेताओं व पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा रही है,उसका बाद में रिपोर्ट कार्ड भी तैयार किया जाएगा। जिसके आधार पर संगठन में उनकी जिम्मेदारी बढ़ाई जा सकती है।

error: Content is protected !!