केंद्रीय मंत्री ने भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के पोर्टल का गुरुग्राम में किया शुभारंभ

पोर्टल पर 72 घंटे में मिलेगी पशुओं से संबंधित विभिन्न विभागीय अनुमति
हरियाणा प्रदेश आज बन चुका मुंहखुर जैसी घातक बीमारी से पूर्णतः मुक्त र् जय प्रकाश दलाल
हरियाणा में जल्द शुरू होगी दवा व डॉक्टरी सेवा से युक्त पशु चिकित्सा एम्बुलेंस सेवा व टोल फ्री कॉल सेंटर’

चंडीगढ़, 4 अक्तूबर – केंद्रीय पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी मंत्री श्री पुरूषोत्तम रुपाला ने कहा कि महानगरों की आधुनिकता से भरी असंतुलित जीवनशैली को यदि पटरी पर लाना है तो हमे प्रत्येक महानगर के बाहरी इलाके में ‘काऊ होस्टल‘ की स्थापना करनी होगी।

केंद्रीय मंत्री पुरूषोत्तम रुपाला आज अंतर्राष्ट्रीय पशु दिवस के अवसर पर गुरुग्राम के कार्टरपुरी स्थित कामधेनु गौशाला में आयोजित कार्यक्त्रम में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण तथा पशुपालन विभागों के मंत्री जयप्रकाश दलाल भी उनके साथ मौजूद रहे।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रक्त्रियाओं को सुगम व सरल बनाने के उद्देश्य से बनाए गए पोर्टल का शुभारंभ भी किया।

केंद्रीय मंत्री श्री रूपाला ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए उसमें पशुपालन से आय जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना हो, जमीन की उर्वरा क्षमता बढ़ानी हो या पोषण की दृष्टि से संतुलित जीवनशैली अपनानी हो तो इन सभी आयामों की प्राप्ति का गाय ही एक मात्र साधन है।

हरियाणा के पशुपालन व डेयरी मंत्री श्री दलाल ने कहा कि आधुनिकता की अंधी दौड़ ने प्रकृति का संतुलन खराब किया है। हम सभी को जीवन जीने की पुरानी विधि के बारे में गंभीरता से सोचने की आवश्यकता है।

श्री दलाल ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश में कोविड-19 महामारी के दौरान भी 45 लाख से अधिक पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचाव के टीके लगाए गए हैं। प्रदेश आज मुंहखुर जैसी घातक बीमारी से पूर्णतः मुक्त प्रदेश बन चुका है। आज हरियाणा प्रदेश पशु हित मे लिए गए सार्थक निर्णयों के कारण प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता में देश मे दूसरे स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में जल्द ही पशुपालकों के लिए कॉल सेंटर की स्थापना तथा पशु चिकित्सा एंबुलेंस चलाने जा रही है। किसी भी पशुपालक को अपने पशु से संबंधित कोई भी समस्या होने पर वह कॉल सेंटर में संपर्क कर सकेगा। कॉल सेंटर में कॉल प्राप्त होने के बाद नजदीकी ब्लॉक से पशु चिकित्सा एम्बुलेंस को संबंधित पशुपालक के बताए पते पर भेजा जाएगा।

श्री दलाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश की मुर्राह नस्ल की भैंस पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ है। इसके पूरे देश मे विस्तार की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि केंद्र स्तर पर इस तरह की योजना बने कि हरियाणा की मुर्राह नस्ल का सीमेन देश के अन्य भागों में भेजकर ज्यादा दूध देने वाली इस नस्ल को बढ़ावा दिया जा सके।

इस अवसर पर गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला, हरियाणा पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रधान सचिव श्री अंकुर गुप्ता, भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के सचिव डॉ एसके दत्ता, गुरुग्राम पशुपालन विभाग की उप-निदेशक डॉ पुनीता गहलावत, कामधेनु गौशाला के अध्यक्ष पूरन यादव सहित उनकी टीम प्रमुख रूप से उपस्थित रही।

Previous post

निर्धारित समय-सीमा के अन्दर अधिसूचित सेवाएं देने में विफल रहने पर जुर्माना लगाया

Next post

केंद्रीय राज्य मंत्री व हरियाणा के मुख्यमंत्री को उनके पदों से हटाने को लेकर प्रदर्शन करेगी आप: योगेश्वर शर्मा

You May Have Missed

error: Content is protected !!