चण्डीगढ़ 29 सितम्बर – स्कूल स्तर पर बच्चों की प्रतिभा को पहचान कर तराशा जाए तो देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की पदक तालिका में अग्रिम पंक्ति में होगा। यह बात हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री श्री संदीप सिंह से बातचीत में कही। श्री संदीप सिंह ने आज राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात कर प्रदेश में खेल गतिविधियों की जानकारी दी और अपने जीवन पर बनी बाॅलीवुड फिल्म ‘‘सूरमा’’ की डी.वी.डी. भेंट की।

राज्यपाल श्री दत्तात्रेय ने हरियाणा के खिलाड़ियों द्वारा टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने पर खेल मंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल विभाग, शिक्षा विभाग की खेल विगों और पंचायत विभाग की खेल विगों में समन्वय स्थापित कर काम किया जाए तो और अच्छे खिलाड़ी निकल सकते हैं। इसके साथ-साथ यह भी कहा कि स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए खेलों का समय भी बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों और उनके माता-पिता व अभिभावकों को भी खेलों के प्रति जागरूक करके स्पोटर्स वातावरण को और बेहतर किया जा सकता है।

खेल राज्यमंत्री श्री संदीप सिंह ने विभागीय गतिविधियों का जिक्र करते हुए बताया कि चालू वित्त वर्ष में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा लगभग 398 करोड़ का प्रावधान किया गया है। जिसमें से 53.55 करोड़ के लगभग की राशि टोक्यो ओलम्पिक एवं पैरालिंपिक में पदक जीतने वाले व भाग लेने वाले खिलाड़ियों को दी जा चुकी है। इसमें 25.40 करोड़ की राशि टोक्यो ओलम्पिक पदक विजेताओं और प्रतिभागियों को तथा 28.15 करोड़ रूपये की राशि टोक्यो पैरालिंपिक पदक विजेताओं और प्रतिभागियों को ईनाम के रूप में दी गई है।

श्री संदीप सिंह ने बताया कि आगामी फरवरी माह में खेलो इंडिया के आयोजन के लिए हरियाणा पूरी तरह तैयार है। इसके लिए विश्व स्तर की खेल सुविधाएं स्थापित जा रही हैं। पंचकूला में बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, बैडमिंटन के सेंटर  ऑफ  एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही कुरुक्षेत्र में आधुनिक स्तर वेलोड्रम भी स्थापित किया जा रहा है। यह पूरे प्रदेश में अपनी तरह का पहला वेलोड्रम होगा। उन्होंने यह भी बताया कि केन्द्र सरकार की योजनाओं के तहत प्रत्येक जिले में एक-एक एकेडमी भी स्थापित की जा रही है। प्रत्येक खेल एकेडमी को प्रतिवर्ष पांच-पांच लाख रुपये भी दिए जाएंगे।

error: Content is protected !!