चंडीगढ़, 28 अगस्त – हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देश और प्रदेश के सभी खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ी दुनिया में चमक रहे हैं। उनके दृढ़ निश्चय और संकल्प शक्ति ने भारत के गौरव को उंचा किया है। उन्होंने हॉकी के महान खिलाड़ी पदम भूषण मेजर ध्यानचंद के पराक्रम को याद करते हुए कहा कि देश में हर साल हॉकी सम्राट मेजर ध्यानचंद का जन्मदिन राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

श्री दत्तात्रेय ने कहा मेजर ध्यानचंद एक प्रतिष्ठित हॉकी खिलाड़ी थे। उनके नेतृत्व में देश दशकों तक पूरी दुनिया में हॉकी का सिरमोर रहा है। उन्होंने अपने जीवन में हॉकी खेल में 1000 से भी ज्यादा गोल दाग कर हॉकी को नई उचांईयों पर पहुंचाया था। मेजर ध्यानचंद का हॉकी के प्रति जुनून युवाओं को पीढ़ीयों तक खेलों के प्रति प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को मेजर ध्यानचंद जैसे भारत के महान खिलाडिय़ों के तप, दृढ़ संकल्प और उत्साह पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने सदैव युवाओं को अपने लक्ष्य का पीछा करने के लिए प्रेरित किया।

युवाओं के नाम दिए अपने संदेश में श्री दत्तात्रेय ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाडिय़ों ने हॉकी में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर मेजर ध्यानचंद की याद दिला दी। पुरूष हॉकी टीम ने 41 साल के बाद पदक जीतकर फिर से वापसी की है। यह भारतीय हॉकी के नए युग की शुरूआत है। महिलाओं की टीम ने हॉकी में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर देशवासियों का दिल जीता है और महिला हॉकी में भी नई आशाएं जगाई हैं।

श्री दत्तात्रेय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में खेलो इंडिया, फिट इंडिया जैसे प्रयास युवाओं में नई स्फुर्ति पैदा कर रहे हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हरियाणा के खिलाडिय़ों की भी सराहना की। यह बहुत गर्व की बात है, टोक्यो में चल रहे पैरालिंपिक में राज्य के 19 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

श्री दत्तात्रेय ने टोक्यो में चल रहे पैरालिंपिक में देश की बेटी भाविना पटेल के भी टेबल टेनिस के फाइनल में प्रवेश करने पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। भाविना ने एक नया इतिहास रचा है। उन्होंने भाविना को अग्रिम शुभकामनाएं देकर कहा कि भाविना देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेगी।

error: Content is protected !!