चण्डीगढ़ 25 अगस्त। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि कृषि प्रधान हरियाणा प्रदेश विकास के मामले में हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनता जा रहा है। प्रदेश ने कृषि, दुग्ध उत्पादन, स्वास्थ्य, परिवहन सहित अन्य क्षेत्रों में आशातीत प्रगति की है। दूसरे प्रदेश अब हरियाणा की विभिन्न योजनाओं को लागू कर अपनी योजनाओं को क्रियांवित कर रही है। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत अच्छी पहल है जब सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

यह विचार आचार्य देवव्रत ने बुधवार को कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल के चंडीगढ़ स्थित आवास पर व्यक्त किए। उन्होंने कृषि मंत्री से मुलाकात कर प्रदेश की विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ली व कृषि क्षेत्र में विकास की संभावनाओं के बारे में चर्चा की। राज्यपाल ने कहा कि केन्द्रीय नीति आयोग की रिपोर्ट के अुनसार हरियाणा तेजी से तरक्की करने वाले राज्यों में देश में पहले स्थान पर है। कृषि क्षेत्र में हरियाणा सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए और आगे बढक़र कार्य किया है। प्रदेश में सभी फसलों की खरीद को सुविधाजनक बनाने के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा व ई खरीद पोर्टल शुरू किया गया है। इस पोर्टल से किसानों को अपनी फसल बेचने, खाद, बीज, ऋण और कृषि उपकरणों के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता घर बैठे मिल सकेगी।

वहीं, राज्यपाल को कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बताया कि चिकित्सा के क्षेत्र एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार ने हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सीटें 750 से बढ़ाकर 1850 की गई हैं। इसके साथ साथ प्रदेश में योग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है और हरियाणा योग आयोग का गठन किया गया है। प्रदेश के 6500 गांवों में योग एवं व्यायामशालाएं खोलने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश में केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं के तहत सडक़ों का जाल बिछाया गया है। प्रदेश में हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की स्वीकृति मिल चुकी है जिस पर 5657 करोड़ रूपये की राशि खर्च होगी। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अभी तक 4438 किमी सडक़ों के निर्माण एवं सुधार पर 2523 करोड़ रूपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष बल दिया जा रहा है। सभी प्रकार के अपराधों पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए पुलिस विभाग द्वारा कई कार्यक्रम शुरू किए गए हैंए जिनमें हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स ब्यूरो स्थापित किया जा रहा है।

error: Content is protected !!