फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज को बनांए दिनचर्या का हिस्सा : प्रोफेसर बी.आर. काम्बोज

हिसार : 22 अगस्त – प्रत्येक मनुष्य को स्वस्थ रहने के लिए फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज के मंत्र को अपनी दिनचर्या का हिस्सा अवश्य बनाना चाहिए। इसके लिए प्रतिदिन योगाभ्यास, शारीरिक व्यायाम सहित अन्य गतिविधियों को अपनी जीवन शैली में शामिल करना चाहिए। ये विचार चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर बी.आर. काम्बोज ने कहे। वे विश्वविद्यालय में केंद्र सरकार की ओर से मनाए जा रहे अभियान आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर हरी झंडी दिखाने के उपरांत बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। स्वास्थ्य अनमोल धन है, जो उम्र भर इंसान का साथ देता है। तभी तो कहा कि गया है कि पहला सुख निरोगी काया। इसलिए इसी मंत्र को जीवन में उतारना चाहिए और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशालय की ओर से किया गया। कार्यक्रम में सैंकड़ों युवाओं, विश्वविद्यालय के कर्मचारियों व अधिकारियों ने दौड़ लगाकर फिट इंडिया फ्रीडम रन का संदेश दिया। स्वयं कुलपति महोदय ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ दौड़ लगाकर अभियान की शुरूआत की।

देशभर के 744 जिलों में होगा आयोजन
छात्र कल्याण निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह दहिया ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन आजादी के 75 वर्ष पूरे होने से 75 सप्ताह पहले 12 मार्च 2021 को शुरू किया गया था जिसका शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने गुजरात के साबरमती आश्रम से किया था। इसी के तहत फिट इंडिया फ्रीडम रन का थीम जन भागीदारी से जन आंदोलन को 13 अगस्त से शुरू किया गया था जो 2 अक्टूबर तक देशभर के 744 जिलों में आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अपनी जीवन शैली में स्वस्थ व फिट रहने के लिए दौड़ और खेलकूद गतिविधियों को अपनी जीवन शैली में अपनाने के लिए प्रेरित किया जाना है। इसी के तहत निदेशालय की ओर से लगातार विभिन्न गतिविधियों को लगातार आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रगान भी इसका एक हिस्सा है और विभिन्न सेल व क्लब के स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लेकर वीडियो बनाकर राष्ट्रीय पोर्टल पर अपलोड किया है।

कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. राजवीर सिंह, अनुसंधान निदेशक डॉ. एस.के. सहरावत, वित्त नियंत्रक नवीन जैन, पुस्कालयाध्यक्ष डॉ. बलवान सिंह, डॉ. एस.के. पाहुजा, सह-छात्र कल्याण निदेशक डॉ. बलजीत गिरधर, साई के इंचार्ज हरभजन सिंह, पूर्व ओलिम्पियन व हॉकी कोच पूनम मलिक, डॉ. सुशील लेगा सहित निदेशालय व साई के कोच, साई के खिलाड़ी व अनेक युवाओं ने हिस्सा लिया।

error: Content is protected !!