देश की 60% आबादी की आवाज को संसद में दबाया गया है
राहुल गांधी जी के सच और सवालों से लड़ना मुश्किल था, इसलिए डर से उनके ट्विटर अकाउंट ब्लॉक किए जा रहे हैं

पटौदी 12/8/2021 : दलित समाज पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ कांग्रेस एससी डिपार्टमेंट और महिला कांग्रेस द्वारा आज दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने पहुंची हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव सुनीता वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार महिला सुरक्षा के लिए अभिशाप है जबकि कांग्रेस ने हमेशा शोषितों, वंचितों के न्याय और महिलाओं के सम्मान की लड़ाई लड़ी है।

हरियाणा महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षा सुधा भारद्वाज, गुरुग्राम महिला कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्षा पूजा शर्मा व गुरुग्राम महिला कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्षा निर्मल यादव व महेन्द्रगढ़ महिला कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्षा बाला देवी के साथ दिल्ली जंतर – मंतर पर पहुंची महिला कांग्रेस नेत्री सुनीता वर्मा ने कहा कि मोदी सरकार कांग्रेस और राहुल गांधी जी से डरी हुई है, जिसका प्रमाण है कि ट्वीटर के माध्यम से इनकी आवाज को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सुष्मिता देव के नेतॄत्व में चलाए गए इस विरोध प्रदर्शन में हाल ही में 9साल की दलित लड़की के साथ कि गई हैवानियत के मुद्दे को जोर शोर से उठाया गया, इस बालिका से बर्बरता करने के उपरांत उसके शव का भी जबरदस्ती अंतिम संस्कार कर दिया गया था।

महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षा भारद्वाज ने कहा कि कभी राहुल गांधी जी की जासूसी पेगासस से कराई जाती है, कभी पुलिस बल से उन्हें रोका जाता है, जब संसद में देश के मुद्दे उठाते हैं तो माईक बंद कर दिया जाता है, अब उनके ट्विटर को लॉक कर दिया है। ये भारत है फ़िर मोदी सरकार क्यों उत्तर कोरिया जैसा काम कर रही है?

दलितों के खिलाफ बढ़ रहे अत्याचारों व दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए आयोजित इस हल्ला बोल प्रदर्शन में पहुंची वर्मा व गुरुग्राम महिला कांग्रेस की शहरी जिला अध्यक्षा पूजा शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दलितों के अधिकारों व न्याय की लड़ाई के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष की एकजुटता मोदी सरकार के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। अन्याय के विरुद्ध न्याय की लौ को हमे बुझने नहीं देना है।

प्रदर्शन में अपने सम्बोधन में महेन्द्रगढ़ शहरी जिला अध्यक्षा बाला देवी ने कहा कि आज मोदी सरकार डरी हुई है, उसे जनता की आवाज़ से डर है ,जनता के प्रतिनिधियों से डर है ,किसानों से डर है , नौजवानों से डर है,सोशल मीडिया में उठती आवाजों से डर है। उसे आज हर उस आवाज़ से डर जो विपक्ष की है, और उसका यही डर इस सरकार के पतन का कारण बनेगा।

गुरुग्राम से महिला कांग्रेस की ग्रामीण जिला अध्यक्षा निर्मल यादव ने कहा कि भाजपा राज में एक नया चलन सामने आया है, बेटी के दुष्कर्म के बाद उस पर लांछन लगाओ और बर्बरता की शिकार हुई उस बेटी की मृत्यु हो जाये तो आनन फानन में जबरदस्ती उसका अंतिम संस्कार कर दो। हम इस घृणित व निंदनीय चलन के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद कर रही हैं।

वर्मा ने कहा कि केंद्र, संसद की कार्यवाही ठीक से नहीं चलाना चाहता। सरकार बिना चर्चा के कानून पारित कर रही है। कोरोना टीकाकरण, वर्तमान आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, कृषि कानूनों व पेगासस जासूसी कांड पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन सरकार डर के मारे इन चर्चाओं से भाग रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का दलित विरोधी चेहरा देश के सामने है, दलितों के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आवाज बुलंद करती रहेगी।

कॉन्ग्रेस नेत्री वर्मा ने कहा कि संसद में देश की 60 फीसदी आवाज को दबाया जा रहा है। साहेब के 18-18 घंटो की मेहनत का ही परिणाम है कि आज देश की तिजोरी खाली हो गयी और भाजपा की तिजोरी भर गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर अकाउंट निलंबित करना लोकतंत्र व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है, लेकिन हम इन अनैतिक हथकंडों के बाद भी न्याय और जनहित की आवाज को उठाना बन्द नही करेंगी।