‘‘म्हारी छौरी, छौरया तै कम है के’’ अनिल विज ने हरियाणवी अंदाज में महिला हॉकी टीम को किया प्रोत्साहित

गृह मंत्री अनिल विज ने आज टोक्यो ओलंपिक में महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल से की टेलीफोन पर बात
कप्तान और पूरी टीम को बधाई, टीम टोक्यो ओलम्पिक में अंतिम मुकाम हासिल करें- अनिल विज
ओलंपिक में भारत की महिला हॉकी टीम में 9 खिलाड़ी हरियाणा से

चण्डीगढ़, 2 अगस्त- हरियाणा के गृह मंत्री श्री अनिल विज ने आज अपने ही अंदाज में कहा कि हरियाणा की लड़कियां, लड़कों से कम नहीं हैं और विदेशी धरती पर हमारी देसी लड़कियांे ने इतिहास रचने का काम किया हैं। उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम को अपनी और हरियाणा की ओर से बहुत सारी बधाई हरियाणावी अंदाज में दी।

गृह मंत्री अनिल विज ने आज टोक्यो ओलंपिक में भारत की महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल से टेलीफोन पर बात की और उन्हें व उनकी टीम को बधाई व शुभकामनाएं दी।

श्री विज ने यह जानकारी आज ट्वीट करके दी। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि “टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत की महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल के साथ टेलीफोन पर बात की जिसने इतिहास रच दिया – यह सबसे बड़ा क्षण है। उन्हें और पूरी टीम को बधाई। कामना है कि वह टोक्यो ओलम्पिक में अंतिम मुकाम हासिल करें”।

श्री विज ने कहा कि भारत की महिला हॉकी टीम में काफी अच्छे खिलाड़ी हैं और वे जरूर टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतकर आएंगे। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि टोक्यो ओलम्पिक में इस बार भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंची है और पदक हासिल करके दुनिया में अपना परचम लहराएंगी।

श्री विज ने टवीट करते हुए कहा कि ‘‘म्हारी छौरी, छौरया तै कम है के, विदेश की धरती पै देसी छौरियां नै लठ गाढ़ दिया। मेरी ओर तै अर हरियाणा की ओर तै घणी सारी बधाई।

गृह मंत्री ने हरियाणवी भाषा में टवीट करके महिला हॉकी टीम के खिलाड़ियों में जोश भरने का काम किया है क्योंकि टोक्यो ओलंपिक में भारत की महिला हॉकी टीम में 9 खिलाड़ी हरियाणा से ही हैं।

You May Have Missed

error: Content is protected !!