नयनपाल रावत ने आज वित्त वर्ष 2018-19 के लाभांश 3,02,40,830 रुपये का चैक मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भेंट किया

चंडीगढ़, 12 जुलाई- हरियाणा राज्य भण्डारण निगम के अध्यक्ष श्री नयनपाल रावत ने आज वित्त वर्ष 2018-19 के लाभांश 3,02,40,830 रुपये का चैक मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को भेंट किया। इस वर्ष के दौरान हरियाणा राज्य भण्डारण निगम का कारोबार 4840 करोड़ रुपये रहा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा भण्डारण निगम के कार्यों में बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना की और निगम की कार्यक्षमता को और अधिक बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित भी किया।    

 इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा तथा श्री हरियाणा भण्डारण निगम के प्रबंध निदेशक श्री अशोक कुमार शर्मा भी उपस्थित थे।       

 श्री नयनपाल रावत ने बताया कि निगम राज्य में 112 गोदामों का संचालन कर रहा है, जिसकी कुल भण्डारण क्षमता 24.57 लाख मिट्रिक टन है। निगम नयाबांस, कालांवाली एवं हिसार में 37012 मिट्रिक टन क्षमता के गोदामों का निर्माण कर रहा है। इसके अलावा, निगम द्वारा नसीरपूर, कुरूक्षेत्र यूनिट-1, शाहाबाद, घीर, जींद, समालखा, अम्बाला, सेवली एवं पुण्डरी में 34186 मिट्रिक टन क्षमता के गोदामों के निर्माण किया जा रहा है।       

 उन्होंने बताया कि निगम की वर्ष 2020-2022 के दौरान 14 विभिन्न स्थानों पर 84238 मिट्रिक टन के गोदामों के निर्माण की योजना है। इसके अतिरिक्त निगम ने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के साथ 11 विभिन्न स्थानों पर 191184 मिट्रिक टन और शूगर फैड के साथ भी 4 अलग – अलग स्थानों पर 81406 मिट्रिक टन के गोदाम बनाने का एम.ओ.यू. किया है। इसी प्रकार नगर पालिका भिवानी एवं लोहारू तथा कृषि विभाग के सहयोग से भी गोदाम निर्माण करने की योजना का प्रस्ताव है।       

 डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि हरियाणा भण्डारण निगम को हरियाणा सरकार द्वारा राज्य में 8 विभिन्न स्थानों पर 6 लाख मिट्रिक टन साईलोज के निर्माण हेतू नोडल एजेंसी घोषित किया गया है। इसके अतिरिक्त निगम द्वारा अपनी गतिविधियों में पारदर्शिता लाने के लिए वेयरहाऊस मैनेजमेंट सिस्टम को अपनाने का निर्णय लिया है, जिसके अंर्तगत सभी गतिविधियां 1 अक्तूबर, 2021 से ऑनलाईन हो जाना प्रस्तावित है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!