पंचकूला, 11 जून। हरियाणा महिला कांग्रेस ने भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा निर्देश पर पेट्रो पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि को लेकर रोष प्रदर्शन किया। हरियाणा महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज के नेतृत्व में पंचकूला जिला कांग्रेस कमेटी में सेक्टर 2 के पेट्रोल पंप पर यह धरना प्रदर्शन किया और सरकार की इस महंगाई व जनविरोधी नीति का जमकर विरोध किया।

इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने कहा कि स्वयं को जन हितैषी सरकार बताने वाली केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले कई दिनों से लगातार पेट्रो पदार्थों में कीमतों में वृद्धि की है और यह कह कर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि उनके हाथ में नहीं है, यह वृद्धि कंपनियां कर रही है। उन्होंने कहा कि  पिछले 5 महीनों में 43 बार पेट्रोल व डीजल की कीमतों में वृद्धि की गई है। ऐसे में जनता को दोहरी मार सहनी पड़ रही है। उन्हें पेट्रोल व डीजल की कीमतों की वृद्धि के साथ साथ रसोई की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह इन कंपनियों पर लगाम कसे व जनता को राहत देने का कार्य करें।

उन्होंने कहा कि  यह सरकार विभिन्न राज्य चुनावों के समय भी तो पेट्रोल व डीजल की कीमतों मैं कटौती कर लोगों को बरगलाने का काम करती है ताकि उन्हें वोट मिल सके। उन्होंने कहा कि अब जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत काफी कम है और हमारे पड़ोसी देशों में भी पेट्रोल व डीजल कम रेट पर मिल रहा है, ऐसे में सिर्फ भारत में ही लोगों पर यह महंगाई क्यों?

इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन, पूर्व महापौर उपेंद्रकौर वालिया, प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव पवन कुमारी, जिला महिला कांग्रेस की प्रधान रितु कसाना, उप प्रधान मनीषा चौधरी, शरणजीत कौर, मुदिता शर्मा, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष बबीता विनायक, सुषमा रानी इत्यादि उपस्थित थे।

error: Content is protected !!