हांसी  ( सिसाय ) , 21 मार्च: भाजपा और जजपा ने सत्ता में आने से पूर्व प्रदेश के युवाओं से रोजगार के बड़े-बड़े वादे किए थे, किंतु सत्ता मिलते ही सरकार युवाओं को भूल गई। गठबंधन सरकार आए दिन ऐसी नीतियां लागू कर रही हैं, जिससे सबसे ज्यादा मार युवा वर्ग पर पड़ रही है। हाल ही में सरकार ने घोषणा की है कि राज्य में जेबीटी भर्ती नहीं होगी। यह युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं तो और क्या है? राज्य के खस्ता हाल सरकारी स्कूलों की हालत सुधारने की बजाय सरकार ने 1057 सरकारी स्कूलों को बंद करने का फरमान सुना दिया है। अगर ऐसी ही स्थिति रही तो सरकारी अध्यापकों के रोजगार  पर संकट आना तय है। वैसे भी भाजपा सभी सरकारी संस्थानों का निजीकरण पर तुली हुई है। हो सकता है कि आने वाले समय में भाजपा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों का भी निजीकरण कर दे। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य एवं युवा नेता भव्य बिश्नोई ने हिसार लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कई कार्यक्रमों में भाग लेने के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने टिकरी बार्डर पर शहीद होने वाले नारनौंद हलके के गांव सिसाय वासी राजबीर, उकलाना हलके के गांव छान वासी राजबीर सिंह, बरवाला हलके के गांव जेवरा वासी किसान ज्ञानी राम के निधन पर शोक जताया तथा गांवों में पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

 भव्य बिश्नोई ने कहा कि गठबंधन सरकार लोगों का विश्वास खो चुकी है। आज हरियाणा के सैंकड़ों गांवों ने भाजपा-जजपा सरकार के मंत्रियों, विधायकों और भाजपा सांसदों का सामूहिक बहिष्कार कर दिया है। भाजपा व जजपा के नेता गांवों में नहीं जा सकते। महीनों से किसान दिल्ली बार्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। सैंकड़ों किसानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है, परंतु उसके बावजूद भाजपा तीनों काले कानून वापिस लेने को तैयार नहीं है।  सत्ता के नशे में चूर भाजपा को देश की जनता की नहीं, बल्कि अपने पूंजीपति मित्रों की चिंता ज्यादा है। कांग्रेस द्वारा खड़े किए गए सरकारी संस्थान जो देश की शान थे, उनको कार्पोरेट के हवाले किया जा रहा है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दामों में निरंतर बढ़ोतरी ने गरीब व आदमी का जीना दुश्वार कर दिया है। खाद्य पदार्थों से लेकर दैनिक रोजमर्रा की जरूरत की हर वस्तु के दाम आसमान छू रहे हैं। देश, प्रदेश में रोजगार का गंभीर संकट है। लोग आज भाजपा से पूरी तरह त्रस्त हैं और कांग्रेस में आस्था जता रहे हैं। कांग्रेस ही वह पार्टी है जो पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोकर हर वर्ग के लोगों की खुशहाली वाली नीतियां लागू करती है और देश को विकास व उन्नति के पथ पर अग्रसर कर सकती है। कांग्रेस ही आज भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। इस लड़ाई में सभी वर्गों को एकजुट होकर कार्पोरेट की इस सरकार को सबक सिखाना है।

इस  अवसर पर  रणधीर पनिहार, विक्रांत देवीलाल बिश्नोई, भूप कौशिक, राजेश सिहाग, नीलम सिहाग, नरेश लाडवा, पृथ्वी चैनत, सुनील कुंडू, सन्नी सुरेवाला, संदीप पूनिया, सचिन गिरधर, विजय कौशिक आदि उपस्थित थे।

error: Content is protected !!