रमेश गोयत

चंडीगढ़। हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में हर 20 किलोमीटर के दायरे में कॉलेज खोलने के प्रति कृतसंकल्प है। कंवरपाल हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में विधायकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दे रहे थे।

शिक्षा मंत्री ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि चरखी दादरी जिले के बाढड़ा में एक गर्ल्स कॉलेज खोला गया है। चरखी दादरी जिला मुख्यालय पर एक कॉलेज खोलने का सरकार ने निर्णय लिया है। यह सत्र 2021-22 से प्रारम्भ हो जाएगा।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि रेवाड़ी मुख्यालय से पाली में 13 किलोमीटर दूर एक कॉलेज है जिसमें 440 लड़कियां शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी सहायता प्राप्त प्राइवेट कॉलेज में भी लड़कियों को फीस से छूट है।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि समालखा में पहले से सरकारी सहायता प्राप्त दो कॉलेज हैं। इनमें से एक कॉलेज लड़कियों के लिए है। उन्होंने बताया कि समालखा में गांधी आदर्श कॉलेज में 644 विद्यार्थी और वैश्य कॉलेज में 727 बेटियां पढ़ रही हैं। बापौली कॉलेज में 559 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

error: Content is protected !!